इतिहास के पन्नों में 05 नवंबरः मंगल मिशन ने बदली दुनिया में भारत की पहचान

देश-दुनिया के इतिहास में 05 नवंबर की तारीख तमाम अहम वजह से दर्ज है। भारत के लिए यह ऐसी तारीख है जिसने स्पेस साइंस में बड़ा मुकाम हासिल किया। मंगल पर पहुंचना दुनियाभर के स्पेस साइंटिस्ट के लिए बड़ी चुनौती रहा है, पर भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के वैज्ञानिकों ने जो किया, वह स्पेस साइंस में पहले कभी नहीं हुआ।

भारत ने 05 नवंबर 2013 को 1350 किलोग्राम वजन वाले मार्स ऑर्बिटर मिशन या मंगलयान को लॉन्च किया। यह एक ऐसा मिशन है, जिसने भारत की पहचान पूरी दुनिया में बदल दी। एक साल बाद 24 सितंबर, 2014 को भारतीय वैज्ञानिकों ने सफलता के साथ मंगलयान को मंगल ग्रह की कक्षा में स्थापित किया। यह एक ऐसा कारनामा है, जिसे इससे पहले कोई नहीं कर सका था। पहली बार में तो बिल्कुल ही नहीं।

Advertisement
Advertisement

65 करोड़ किलोमीटर का सफर तय करके मंगलयान मंगल ग्रह की कक्षा में पहुंचा और इस मिशन पर खर्च इतना कम रहा कि पूरी दुनिया ने दांतों तले अंगुली दबा ली। दरअसल, हॉलीवुड की फिल्म ग्रैविटी बनाने में जितना खर्च हुआ, उससे काफी कम में भारत मंगल ग्रह पर पहुंच गया। सिर्फ 450 करोड़ रुपये खर्च हुए इस पर। यानी प्रत्येक भारतीय पर महज चार रुपये का बोझ पड़ा। दुनियाभर में अब तक किसी भी इंटर-प्लैनेट मिशन से इसरो का मंगल मिशन कहीं सस्ता है। एक अनुमान के मुताबिक, मंगलयान के सफर की कीमत 11.5 रुपये प्रति किलोमीटर है। अमेरिकी स्पेस एजेंसी नासा के 16वें मंगल मिशन में भेजे गए स्पेस क्राफ्ट मावेन के मंगल की कक्षा में पहुंचने के ठीक 48 घंटे बाद भारत का मंगलयान लाल ग्रह की कक्षा में प्रवेश कर गया।

पहले बताया गया कि यह मिशन छह महीने का है, यानी मंगलयान को छह महीने तक मंगल ग्रह के चक्कर लगाने थे और वहां की महत्वपूर्ण जानकारियां पृथ्वी पर भेजनी थीं। मंगल की सतह पर मौजूद मिनरल्स का अध्ययन करना था। भविष्य में मंगल ग्रह के लिए मानव मिशन शुरू करने की संभावना भी टटोलनी थी। मीथेन की मौजूदगी की स्टडी भी करनी थी। 2018 में इस यान ने पांच साल पूरे किए। इसके बाद अक्षय कुमार अभिनीत फिल्म मिशन मंगल में भारत के मंगल अभियान को फिल्माया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *