इतिहास के पन्नों में 07 अगस्तः हर कोई नहीं हो सकता गीत सेठी

देश-दुनिया के इतिहास में 07 अगस्त की तारीख तमाम अहम वजह से दर्ज है। यह तारीख भारत और बिलियर्ड्स के खेल के लिए खास है।

वैसे भी भारत में बिलियर्ड्स का जिक्र हो तो गीत सेठी की बात होना लाजिमी है। गीत श्रीराम सेठी ने 1985 में 07 अगस्त को ही विश्व ऐमेटर बिलियर्ड्स चैंपियनशिप में ऑस्ट्रेलिया के बॉब मार्शल को हराकर खिताबी जीत हासिल की थी। दोनों के बीच तकरीबन आठ घंटे तक चले इस मैच की चर्चा लंबे समय तक रही थी।

बिलियर्ड्स और स्नूकर के खेल में दुनिया भर में इंडिया का डंका बजाने वाले गीत सेठी का जन्म 17 अप्रैल, 1961 को दिल्ली में हुआ। नौ बार विश्व बिलियर्ड्स खिताब जीतने वाले इस महान खिलाड़ी पर पूरे देश को गर्व है।

गीत ने विल्सन जोन्स और माइकल फरेरा की विरासत को आगे बढ़ाते हुए बिलियर्ड्स और स्नूकर में बुलंदियों को छुआ है। गीत सेठी ने 1982 में भारतीय राष्ट्रीय बिलियर्ड्स चैम्पियनशिप के रूप में अपना पहला बड़ा खिताब जीता और फिर पीछे मुड़कर नहीं देखा। स्नूकर में सर्वाधिक 147 ब्रेक बनाने वाले पहले अमेच्योर खिलाड़ी के रूप में गीत गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में भी शामिल हैं। गीत सेठी को वर्ष 1986 में अर्जुन पुरस्कार और पद्मश्री पुरस्कार दिया गया। गीत को भारत के सर्वोच्च खेल पुरस्कार राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *