इतिहास के पन्नों में 19 सितंबरः भारत और पाकिस्तान का सिंधु नदी के पानी पर समझौता

देश-दुनिया के इतिहास में 19 सितंबर की तारीख तमाम अहम वजह से दर्ज है। यह तारीख सिंधु नदी जल समझौते के लिए अहम मानी जाती है। दरअसल 1947 में जब भारत आजाद हुआ तब नया देश पाकिस्तान बना। दोनों देशों के बीच कश्मीर और बाकी विवादों की तरह एक और विवाद सिंधु नदी के पानी को लेकर था।

सिंधु नदी का इलाका करीब 11.2 लाख किलोमीटर क्षेत्र में फैला है। यह इलाका पाकिस्तान (47 प्रतिशत), भारत (39 प्रतिशत), चीन (आठ प्रतिशत) और अफगानिस्तान (छह प्रतिशत) में है। करीब 30 करोड़ लोग सिंधु नदी के आसपास के इलाकों में रहते हैं। बंटवारे के दौरान सिंधु नदी घाटी और इसकी नहरों को भी बांटा गया, लेकिन पाकिस्तान अपने हिस्से के पानी के लिए पूरी तरह भारत पर निर्भर था। पाकिस्तान को पानी की आपूर्ति के लिए तय किया गया कि 31 मार्च 1948 तक पाकिस्तान को पानी का एक निश्चित हिस्सा दिया जाएगा। पहली अप्रैल 1948 को भारत ने नहरों का पानी रोक दिया। इससे पाकिस्तान में हालात खराब हो गए।

दोनों देशों के बीच कई दौर की बैठकें चलीं और आखिरकार 19 सितंबर 1960 को सिंधु नदी जल समझौता हुआ। भारत के तत्कालीन प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू और पाकिस्तान के तत्कालीन राष्ट्रपति मोहम्मद अयूब खान ने समझौते पर हस्ताक्षर किए। इसे इंडस वाटर ट्रीटी भी कहते हैं।

समझौते के तहत सिंधु नदी घाटी की नदियों को पूर्वी और पश्चिमी नदियों में बांटा गया। पूर्वी क्षेत्र की तीनों नदियां- रावी, ब्यास और सतलज भारत को दी गई। पश्चिमी क्षेत्र की नदियों- सिंधु, चिनाब और झेलम का कुछ पानी पाकिस्तान को भी देने का समझौता हुआ। पाकिस्तान के हिस्से की नदियों के पानी का सीमित इस्तेमाल करने का अधिकार भारत को भी है, जैसे- बिजली बनाना, सिंचाई आदि।

महत्वपूर्ण घटनाचक्र

1891ः विलियम शेक्सपीयर के प्रसिद्ध नाटक मर्चेंट ऑफ वेनिस का मैनचेस्टर में पहली बार मंचन किया गया।

1893ः स्वामी विवेकानंद ने शिकागो (अमेरिका) के विश्व धर्मसंसद में ऐतिहासिक भाषण दिया।

1893ः न्यूजीलैंड में निर्वाचन अधिनियम 1893 के तहत सभी महिलाओं को मतदान का अधिकार दिया गया।

1955ः अर्जेंटीना की सेना और नौसेना ने विद्रोह कर राष्ट्रपति जुआन पेरोन को पद से हटाया।

1957ः अमेरिका ने नेवादा के रेगिस्तान में पहला भूमिगत परमाणु परीक्षण किया।

1962ः भारत की उत्तरी सीमा पर चीन ने आक्रमण किया।

1982ः स्कॉट फाहमैन ऑनलाइन संदेश का इस्तेमाल करने वाले पहले व्यक्ति बने।

1983ः ब्रिटिश उपनिवेश कैरीबियन द्वीप, सेंट किट्स एवं नेविस स्वतंत्र।

1988ःइजराइल ने परीक्षण उपग्रह होरिजोन-आई का सफलतापूर्वक प्रक्षेपण किया।

1996ः एलिजा इजेत्बोगोविक युद्धोत्तरकालीन बोस्निया के प्रथम राष्ट्रपति बने।

1996ः ग्वाटेमाला और वामपंथी विद्रोहियों की सरकार ने लंबे समय से चल रहे युद्ध को समाप्त करने के लिए एक शांति संधि पर हस्ताक्षर किए।

2000ः कर्नम मल्लेश्वरी ने ओलंपिक में भारोत्ताेलन स्पर्धा में कांस्य पदक जीता।

2002ः इजराइल के सैनिकों ने पश्चिमी किनारे पर फिलिस्तीन नेता यासिर अराफात की घेराबंदी की।

2006ः सरकार का तख्ता पलटने के बीच थाईलैंड में इमरजेंसी लागू।

2006ः उत्तर कोरिया के खिलाफ आर्थिक प्रतिबंध को जापान ने मंजूरी प्रदान की।

2007ः साइबर युद्ध की सम्‍भावना को देखते हुए अमेरिकी एयरफोर्स ने अस्‍थायी कमांड का गठन किया।

2014ः एपल आईफोन 6 की बिक्री शुरू।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *