दुष्कर्म की खबरें दिखाने पर ममता ने मीडिया कर्मियों को ही कहा ‘दुष्कर्मी’

कोलकाता : पश्चिम बंगाल में एक के बाद एक बच्चियों के साथ हो रही दुष्कर्म की घटनाओं को लेकर सवालों में घिरीं मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने अब मीडिया कर्मियों को ही खबरें दिखाए जाने को लेकर दुष्कर्मी करार दे दिया है। बुधवार को राज्य सचिवालय में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी संग बैठक में शामिल हुईं ममता ने मीडिया से बात की। उन्होंने कहा कि मीडिया वालों का दूसरा कोई काम नहीं है। वह दुष्कर्मी समर्थक हैं क्योंकि टीआरपी के लिए दुष्कर्म की खबरें बढ़ा-चढ़ाकर दिखाते हैं।

खबरें दिखाए जाने से ममता इतनी नाराज थीं कि उन्होंने राज्य में दुष्कर्म की घटनाओं में बढ़ोतरी के लिए मीडिया को ही जिम्मेदार ठहरा दिया। उन्होंने कहा कि पहले मीडिया और टीवी चैनल दर्शकों को प्यार करते थे अब दुष्कर्मियों को प्यार करते हैं क्योंकि दुष्कर्म की खबरें दिखाने से उनकी टीआरपी बढ़ती है। राज्य में आए दिन हत्या, दुष्कर्म एवं लूट आदि की घटनाओं के बावजूद ममता ने कहा कि बंगाल में कानून व्यवस्था पूरे देश के मुकाबले अच्छी है। कुछ चैनल ऐसे हैं जो अपनी टीआरपी बढ़ाने के लिए केवल दुष्कर्म की खबरें दिखा रहे हैं। वे रोज हत्या और दुष्कर्म ही केवल दिखाते हैं। दुष्कर्म हो या ना हो लेकिन आरोप लगते ही बड़ी खबर के तौर पर दिखाते हैं। खबरें दिखाने से पहले प्रशासन से क्रॉस चेक करनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि घटना होने के बाद जांच के लिए समय देना चाहिए ना कि मीडिया ट्रायल हो। कई ऐसी घटनाएं हैं जिसमें पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट के बगैर दुष्कर्म की पुष्टि नहीं होती। ऐसी खबरों को दुष्कर्म बता कर चलाना ठीक नहीं है।

लगातार दर्ज हो रही दुष्कर्म की शिकायतों को लेकर भी अजीबो-गरीब दावा करते हुए ममता बनर्जी ने कहा कि उत्तर प्रदेश, गुजरात, मध्यप्रदेश में पुलिस प्राथमिकी दर्ज नहीं करती जबकि हमारे यहां लोकतंत्र का सम्मान किया जाता है। इसलिए हर किसी की शिकायत दर्ज होती है और कार्रवाई होती है। उन्होंने कहा कि बंगाल में हर छोटी-बड़ी घटना मेरे संज्ञान में आते ही मैंने पुलिस को छूट देकर रखी है कि हमारी पार्टी का नेता भी शामिल हो तो उसके खिलाफ कार्रवाई हो और गिरफ्तारी हो।

मीडिया कर्मियों को फटकार लगाते हुए ममता ने कहा कि आप खबरें चलाते हैं कि फलाने ने दुष्कर्म किया है। क्या आप खबरों को क्रॉस चेक करते हैं?

उल्लेखनीय है कि अमूमन अपने बयानों की वजह से आलोचनाओं में घिरी रहने वाली ममता बनर्जी ने नदिया में 14 साल की मासूम से सामूहिक दुष्कर्म की घटना पर उसे गर्भवती और लव अफेयर में होना करार दिया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *