चिटफंड मामले में सीबीआई ने एक और व्यक्ति को दबोचा

CBI

कोलकाता : बर्धमान सन्मार्ग चिटफंड घोटाला मामले की जांच कर रहे केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने हालीशहर नगरपालिका के चेयरमैन राजू साहनी के बाद उनके एक और सहयोगी को गिरफ्तार किया है। अभियुक्त का नाम संजय सिंह है। वह मूल रूप से दुर्गापुर का रहने वाला है। उसे मंगलवार की रात गिरफ्तार किया गया है।

सीबीआई के एक अधिकारी ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया है कि राजू साहनी से पूछताछ में संजय सिंह के बारे में जानकारी मिली थी। संजय को पहले बंगाल पुलिस ने भी गिरफ्तार किया था। आरोप है कि राष्ट्रपति चुनाव के समय उन्होंने पांडवेश्वर से तृणमूल विधायक नरेन्द्रनाथ चक्रवर्ती को क्रॉस वोटिंग के लिए बड़ी रकम देने की पेशकश की थी। नरेन्द्रनाथ ने दावा किया था कि शुभेंदु अधिकारी के कहने पर उन्होंने रुपये की पेशकश की थी। शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया था। कई दिनों तक जेल में रहने के बाद संजय को जमानत मिली थी। अब सीबीआई ने उसे गिरफ्तार कर लिया है।

वह राजू का बेहद करीबी बताया जा रहा है। चिटफंड के इस मामले में सीबीआई कांचरापाड़ा नगरपालिका के चेयरमैन कमल अधिकारी और बीजपुर से तृणमूल कांग्रेस के विधायक सुबोध अधिकारी के घर भी तलाशी अभियान चला चुका है। संजय की गिरफ्तारी के बाद उसके अन्य साथियों के बारे में पूछताछ शुरू कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *