दक्षिण 24 परगना में भाजपा कार्यकर्ता को बेरहमी से पीटा, हालत गंभीर

कोलकाता : पश्चिम बंगाल में राजनीतिक हिंसा की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा घटना दक्षिण 24 परगना के बासंती इलाके की है। यहां भारतीय जनता पार्टी के एक कार्यकर्ता को बेरहमी से मारा पीटा गया है जिसकी वजह से उसकी हालत गंभीर हो गई है। बुधवार की रात हुई इस घटना के बाद उसकी हालत बिगड़ने पर गुरुवार को कोलकाता के एसएसकेएम अस्पताल में स्थानांतरित किया गया है।

पीड़ित भाजपा कार्यकर्ता का नाम अमल मंडल है। आरोप है कि बुधवार को तृणमूल के कार्यकर्ताओं और नेताओं ने भाजपा कार्यकर्ता की बीच सड़क पर जमकर पिटाई कर दी थी। परिवार की ओर से बताया गया है कि अमल के पेट और सीने पर गंभीर चोटें आई हैं। स्थानीय सूत्रों के अनुसार अमल मंडल बासंती में भाजपा के चार नंबर मंडल के उपाध्यक्ष हैं। अमल की पत्नी शरबानी मंडल ने बताया कि वर्ष 2021 विधानसभा चुनाव के समय से ही अमल भाजपा के लिए काम कर रहे हैं। उस चुनाव के नतीजे घोषित होने के बाद से ही उन पर लगातार हमले हो रहे हैं।

शरबानी ने आगे कहा कि तृणमूल के स्थानीय नेताओं ने जमीन और दुकानों समेत उनकी सारी संपत्ति छीन ली है। चुनाव के बाद मंडल परिवार के सदस्य हमलों के डर से घर छोड़कर भाग गए थे। अमल और शरबानी हाल ही में घर लौटे थे। दोनों के लौटने की खबर सुनते ही तृणमूल नेताओं और उनके समर्थकों ने उन्हें फिर से परेशान करना शुरू कर दिया। शरबानी ने दावा किया कि आरोपित तृणमूल नेता और कार्यकर्ता बुधवार को उनके पति की मोटरसाइकिल छीनने की कोशिश कर रहे थे। उस समय अमल ने उन्हें रोका जिसके बाद 50 से 60 लोगों के समूह ने उन पर हमला किया। अमल को लाठी-डंडों से बुरी तरह पीटा गया।

स्थानीय लोगों के शोर मचाने पर अमल को सड़क पर छोड़कर आरोपित फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल भाजपा कार्यकर्ता को स्थानीय लोग कैनिंग उपमंडल अस्पताल ले गये। वहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया लेकिन, बाद में उनकी हालत बिगड़ने पर उन्हें कोलकाता स्थानांतरित कर दिया गया। पूरी घटना से नाराज स्थानीय भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी है कि यदि पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई नहीं की तो पार्टी के सदस्य आने वाले दिनों में सड़क जाम कर प्रदर्शन करेंगे। हालांकि तृणमूल कांग्रेस के स्थानीय विधायक ने मारपीट के आरोपों से इनकार किया है। उन्होंने दावा किया कि राज्य की सत्ताधारी पार्टी का इस घटना से कोई लेना-देना नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *