शुभेंदु ने लगाया ‘नल जल परियोजना’ में सैकड़ों करोड़ के भ्रष्टाचार के आरोप

कोलकाता : वरिष्ठ भाजपा विधायक सह विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने शुक्रवार को राज्य सरकार पर केंद्रीय जल परियोजना “हर घर नल से जल” में वित्तीय धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि वह साक्ष्य के साथ सोमवार तक केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत को कार्रवाई का अनुरोध करते हुए पत्र भेजेंगे।

शुभेंदु ने आरोप लगाया कि राज्य में पाइप से पेयजल आपूर्ति परियोजना में सैकड़ों करोड़ रुपये का भ्रष्टाचार किया गया है। उन्होंने दावा किया कि पाइप, नल आदि को बाजार मूल्य से कई गुना अधिक कीमत पर खरीदा गया था। शुभेंदु ने यह भी आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार के पीछे राज्य के लोक निर्माण और जन स्वास्थ्य तकनीकी मंत्री पुलक रॉय शामिल हैं। शुभेंदु ने कहा कि पश्चिम बंगाल में अब तक जलजीवन मिशन के तहत 1 करोड़ 86 लाख घरों में पाइप से पानी का काम पूरा हो चुका है या चल रहा है। इसके लिए 1 करोड़ 86 लाख फ़ेरूल की खरीद की गई है। इसके लिए 1,086 करोड़ खर्च किए गए हैं। जिस फ़ेरूल की कीमत खुले बाजार में 213 रुपये है, उसे 570 में खरीदा गया था। इसमें कम से कम 500 करोड़ की कट मनी बांटी जा चुकी है। चार एजेंसियों ने पाइप की आपूर्ति की। वे सोमवार तक केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत को सारी जानकारी भेजेंगे और उनसे तत्काल कार्रवाई करने का अनुरोध करेंगे।

हालांकि, तृणमूल ने विपक्षी नेता के भ्रष्टाचार के आरोपों को ख़ारिज किया है। सांसद शांतनु सेन ने कहा कि जब वह शिकायत कर रहे हैं, तो उन्हें इसे साबित करने की जिम्मेदारी लेनी होगी। शुभेंदु वास्तव में भाजपा की गुटबाजी में घिरे हुए हैं तो किसी भी तरह से महत्व बनाए रखना चाहते हैं। पूरी दुनिया ने उन्हें पैसे लेते देखा है। आप इसके बारे में क्या कहते हैं? गिरफ्तारी के डर से उन्होंने भाजपा का दामन थामा, उन्हें कोई स्वीकार नहीं करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *