शुभेंदु का दावा, मुंबई में राज्य सीआईडी अधिकारियों के खिलाफ अवैध वसूली की प्राथमिकी

Suvendu Adhikari File Pic

कोलकाता : भाजपा के वरिष्ठ विधायक और नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी ने राज्य सीआईडी पर शुक्रवार को गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया है कि राज्य सीआईडी अधिकारी राजर्षि बनर्जी ने राज्य पुलिस महानिदेशक और एडीजी रैंक के अधिकारियों के कहने पर मुंबई के एक व्यवसायी से 10 करोड़ रुपये की वसूली की है। इसे लेकर उस कारोबारी ने मुंबई के वर्ली थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। उस कारोबारी का नाम जितेंद्र लवलीन है। उन्होंने पुलिस के पास दर्ज अपनी शिकायत में बताया है कि गत 24 जुलाई को उनकी पत्नी भूमिका दुबई से मुंबई वापस लौटी थीं।

कोलकाता पुलिस की ओर से जारी लुकआउट नोटिस के आधार पर हवाई अड्डे पर उन्हें रोक लिया गया था। दूसरे दिन सीआईडी अधिकारी राजर्षि बनर्जी अन्य साथियों के साथ मुंबई पहुंचे थे। वहां भूमिका और उनके पति को गिरफ्तार करने की धमकी दी थी और कहा था कि 10 करोड़ रुपये देने पर गिरफ्तारी से बचा जा सकता है। दूसरे दिन व्यवसायी जितेंद्र के मित्र गौरव ने मुंबई के एक होटल में राजर्षि से मुलाकात की थी जहां उसने एक वरिष्ठ अधिकारी से बात की थी।

उसके बाद राजर्षि ने दावा किया था कि राज्य पुलिस के महानिदेशक और एडीजी रैंक के अधिकारी भी इसमें शामिल हैं और वही 10 करोड़ रुपये लेने के लिए कह रहे हैं। इसके बाद उन्होंने वर्ली थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। शुभेंदु ने अपने ट्वीट के साथ कई मीडिया रिपोर्ट्स की प्रति भी साझा की है। इस बारे में सीआईडी अथवा राज्य पुलिस की ओर से अभी तक आधिकारिक सफाई नहीं दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *