निगम के स्कूलों में ममता की किताब रखने पर विवाद गहराया, मेयर ने दी सफाई

कोलकाता : महानगर में कोलकाता नगर निगम के अधीन स्कूलों में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की किताब रखे जाने को लेकर विवाद गहरा गया है। सीएम की कविताओं और लेखनी के खराब स्तर को लेकर विद्वतजन लगातार सोशल मीडिया पर खिंचाई कर रहे हैं। हालांकि शुक्रवार को मेयर फिरहाद हकीम ने इस पर सफाई दी है। उन्होंने कहा है कि मुख्यमंत्री ने बहुत ही मीठी कविताएं लिखी हैं। उन्होंने बच्चों के लिए भी कई महत्वपूर्ण रचनाएं की हैं जिसे छात्रों को पढ़कर अच्छा लगेगा इसलिए उनकी किताब को नगर निगम के स्कूलों में रखा गया है। उन्होंने बताया कि नगर निगम के अंतर्गत स्कूलों की लाइब्रेरी में मुख्यमंत्री की लिखी हुई किताब हर हाल में रखी जाएगी।

उल्लेखनीय है कि अभी हाल ही में नगर निगम ने स्कूलों में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की किताबें रखने का निर्णय लिया है। नगर निगम के अंतर्गत कुल 242 स्कूल हैं। इन स्कूलों के लिए किताबों की खरीद हुई है।

सूत्रों ने बताया है कि नगर निगम के स्कूलों के बाद अब राज्यभर के सरकारी स्कूलों में मुख्यमंत्री की किताब रखने के बारे में सोचा जा रहा है। हकीम ने इस बारे में कहा कि मुख्यमंत्री ने बच्चों के मन को समझकर किताबें लिखी हैं। मैंने खुद कई किताबें खरीदी हैं और पढ़ी हैं। बच्चों को निश्चित तौर पर अच्छा लगेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *