खेजुरी में नहीं थम रही है हिंसा, भाजपा कार्यकर्ता के घर में लगाई आग

पूर्व मेदिनीपुर : पूर्व मेदिनीपुर जिले के खेजुरी में हिंसा थमने का नाम नहीं ले रही है। सोमवार को पेड़ में बांधकर एक तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ता को जलाकर मारने की कोशिश की गई थी, तो वहीं सोमवार देर रात खेजुरी के टिकासी इलाके में एक भाजपा कार्यकर्ता का घर जला दिया गया। इस घटना को लेकर एक बार फिर सियासी रस्साकशी शुरू हो गई है।

भाजपा का आरोप है कि तृणमूल के लोगों ने रात के अंधेरे में घटना को अंजाम दिया। दरअसल खेजुरी के टिकाशी इलाके में पंचायत चुनाव में तृणमूल कांग्रेस ने जीत हासिल की है। भाजपा का दावा है कि तृणमूल कांग्रेस के लोग अपनी जीत का जश्न भाजपा कार्यकर्ताओं के घरों को जला कर मना रहे हैं। हालांकि स्थानीय तृणमूल नेतृत्व का दावा है कि भाजपा नाटक कर रही है।

सोमवार को उत्तम बारिक व अन्य तृणमूल नेता चटनाबाड़ी गांव आये थे। भाजपा का आरोप है कि इन नेताओं ने तृणमूल कांग्रेस के लोगों को उकसाया। इसके बाद देर रात भारतीय जनता पार्टी के मंडल महासचिव गोपाल पाल के घर और दुकान में आग लगा दी गई। सूचना मिलने के बाद खेजुरी थाने की पुलिस मौके पर गयी। हालांकि, तृणमूल ने भाजपा के आरोपों को खारिज कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *