बेंगलुरु में विपक्षी दलों की बैठक के बाद ममता बनर्जी का भाजपा पर हमला

कोलकाता : पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बेंगलुरु में आयोजित विपक्षी दलों की बैठक से लौटने के एक दिन बाद भाजपा पर तीखा हमला बोला है।

बुधवार को भाजपा की प्रदेश इकाई ने कोलकाता में बड़ी रैली कर दावा किया कि ममता बनर्जी की सरकार को बंगाल से हर हाल में उखाड़ फेंका जाएगा। इस बारे में पूछे गए एक सवाल का जवाब में ममता बनर्जी ने कहा कि भाजपा मेरी सरकार क्या उखाड़ फेंकेगी, बेंगलुरु में विपक्षी दलों की बैठक के बाद खुद कांप रही है। ममता ने कहा कि विपक्ष के लोग पंचायत चुनाव में हिंसा का रोना रो रहे हैं लेकिन हकीकत यह है कि सबसे ज्यादा हमारे लोग पीड़ित हुए हैं।

एसएसकेएम अस्पताल में घायलों से मिलीं

पंचायत चुनाव के दौरान हुई हिंसा में घायल हुए तृणमूल कांग्रेस के 14 कार्यकर्ताओं को एसएसकेएम अस्पताल में भर्ती किया गया है। इनमें से पांच लोगों को कल रिलीज कर दिया गया है जबकि बाकी नौ लोग अभी भी भर्ती हैं।

बुधवार अपराह्न मुख्यमंत्री अस्पताल में भर्ती इन पार्टी कार्यकर्ताओं से मिलने गई थीं। इन सभी के लिए हॉर्लिक्स और फल लेकर गई थीं। उन्होंने सबसे मिल कर उनकी सेहत के बारे में खोज खबर ली और चिकित्सकों को निर्देश दिया। इसके बाद मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि मैंने अपनी पार्टी के घायल कार्यकर्ताओं से मुलाकात की है। कई लोग तो बर्न यूनिट में हैं जहां मैं नहीं गई क्योंकि इंफेक्शन का डर रहता है। मैंने उनके परिवार वालों से बात करने की जिम्मेदारी फिरहाद हकीम (बॉबी) को दिया है। जो लोग घायल हैं, उनके लिए 50-50 हजार रुपये की वित्तीय मदद की है जबकि मारे गए लोगों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये की आर्थिक मदद दी गई है। परिवार के सदस्यों के लिए नौकरी की व्यवस्था की जा रही है। विपक्ष के पास दूसरा कोई काम नहीं है इसलिए रैली करके लोगों का जनजीवन प्रभावित कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *