अलीपुरद्वार : तृणमूल पंचायत सदस्य शफीउल मियां की पिटाई और उसकी बाइक में आग लगाने का आरोप भाजपा पर लगी है। इधर घटना के प्रतिवाद और अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग में रविवार को तृणमूल कांग्रेस ने रैली निकाली है। रैली के बाद अलीपुरद्वार-फालाकाटा राष्ट्रीय राजमार्ग पर तृणमूल कार्यकर्ता धरने पर बैठ गए। जिससे करीब दो घंटे तक यातायात बाधित रहा और आम लोगों को काफी परेशानी हुई। बाद में सोनपुर चौकी की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
जिला तृणमूल महासचिव मनोरंजन दे ने कहा कि भाजपा कुछ जगहों पर सत्ता में आने के बाद इलाके में उत्पात मचा रही है। बीती रात हमारी पंचायत सदस्य शफीउल मियां को पिट गया और उसकी बाइक में आग लगा दिया गया। घटना के बाद से शफीउल मियां अस्पताल में भर्ती है। पुलिस प्रशासन से अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की गई है। वहीं, भाजपा के जिला उपाध्यक्ष साधन साहा ने कहा कि पूरी घटना तृणमूल की एक रची गई घटना है। भाजपा के कार्यकर्ताओं को झूठे मुकदमे में फंसाने की साजिश की जा रही है।

उल्लेखनीय है कि बीती रात तृणमूल कांग्रेस के पंचायत सदस्य शफीउल मियां बाजार से घर लौट रहे थे। उसी समय बालाडांगी इलाके में कुछ बदमाशों ने उन पर हमला कर दिया। कथित तौर पर उनकी पिटाई की गई और उनकी बाइक जला दी गई। घटना के बाद घायल पंचायत सदस्य को अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां वे चिकित्साधीन है। घटना के बाद से पातलाखावा के विभिन्न हिस्सों में बड़ी संख्या में पुलिस भी तैनात की गई है। पुलिस की लगातार गश्त भी लगा रही है।