विमान की खिड़की में दरार, दमदम हवाई अड्डे पर इमरजेंसी लैंडिंग

कोलकाता : कोलकाता हवाईअड्डे से मुंबई जा रहे स्पाइसजेट एयर लाइंस के एक विमान की खिड़की के शीशे में बुधवार को दरार देखी गई। आनन-फानन में विमान की कोलकाता के दमदम स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, विमान में छह केबिन क्रू मेंबर और 176 यात्री सवार थे। इस घटना से विमान में सवार लोगों में दहशत फैल गई थी।

Advertisement
Advertisement

प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्पाइस जेट के विमान एसजी-515 ने बुधवार सुबह 6.17 बजे कोलकाता हवाई अड्डे से मुंबई के लिए उड़ान भरी थी। इसी दौरान हवा में केबिन-क्रू को विमान की खिड़की के शीशे में दरार नजर आई। केबिन-क्रू ने इसकी जानकारी तुरंत पायलट को दी। इसके बाद बिना कोई जोखिम उठाए नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के एयर ट्रैफिक नियंत्रण से संपर्क किया और वहां इमरजेंसी लैंडिंग करने की अनुमति मांगी। अनुमति मिलने पर पायलट विमान को वापस कोलकाता ले आया और लैंडिंग कराई।

विमान से सभी यात्री सुरक्षित उतर गए और जरूरी मरम्मत कार्य के बाद विमान को फिर से उड़ान भरने के लिए तैयार किया गया। शीशे में दरार आने के कारणों की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *