सिक्किम में छुट्टियां मनाने गए बंगाल के दो परिवारों के 13 लोग सैलाब हादसे के बाद से लापता

◆ जलपाईगुड़ी में तीस्ता नदी से 17 शव बरामद, सिक्किम सैलाब में लापता लोगों के शव होने का संदेह ◆

कोलकाता : सिक्किम में आई बाढ़ में पश्चिम बंगाल के दो परिवारों के 13 लोगों के लापता होने की जानकारी सामने आई है। उधर, जलपाईगुड़ी जिले में तीस्ता नदी से 17 शव बरामद किए गए हैं। आशंका है कि ये सिक्किम में आए सैलाब के बाद लापता हुए लोगों के शव हो सकते हैं।

बीरभूम जिले के एक परिवार के 8 सदस्य लापता

सिक्किम में छुट्टियां मनाने आए पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के एक परिवार के आठ सदस्य पिछले छह दिनों से लापता हैं। जानकारी अनुसार, यह परिवार 01 अक्टूबर को सिक्किम गया था। बीरभूम जिले के इलमबाजार में उनके परिवार के सदस्य उनसे 03 अक्टूबर को आखिरी बार संपर्क कर सके थे। लापता लोगों में दो महिलाएं और बच्चे शामिल हैं।

Advertisement
Advertisement

इस परिवार के एक सदस्य मोहम्मद महफूज रमन के अनुसार, सभी लापता व्यक्ति लिचेन के एक होटल में ठहरे थे। हालांकि, संचार माध्यम में आई बाधा के कारण उनका उनसे और होटल अधिकारियों से संपर्क टूट गया। उन्होंने स्थानीय इलमबाजार पुलिस स्टेशन को इसके बारे में सूचित कर दिया है। साथ ही, हम राज्य सरकार प्रशासन से संपर्क करने की कोशिश कर रहे हैं।

झारग्राम के एक परिवार के 5 सदस्य लापता

इस बीच, पश्चिम बंगाल के पश्चिम मिदनापुर जिले के झारग्राम के एक ही परिवार के पांच सदस्य लापता हैं, जिनमें दो महिलाएं और एक बच्चा शामिल है। यह परिवार 01 अक्टूबर से सिक्किम में छुट्टियां मना रहा था। झाड़ग्राम में उनके परिजन न तो उनसे संपर्क कर पा रहे हैं और न ही कोई जानकारी मिल पा रही है। इस परिवार के एक सदस्य अरुण रोथ ने बताया कि आखिरी बार उनसे 03 अक्टूबर की रात को संपर्क किया था, तब से उनके मोबाइल फोन बंद हैं। मदद के लिए राज्य प्रशासन से संपर्क किया गया है।

तीस्ता नदी से 17 शव बरामदः राज्य प्रशासन

उधर, राज्य प्रशासन के अनुसार, जलपाईगुड़ी जिले में उफनती तीस्ता नदी से 17 शव बरामद किए गए हैं। प्रशासनिक अधिकारियों को संदेह है कि इनमें से कुछ शव सिक्किम में तैनात भारतीय सेना के जवानों के हो सकते हैं जो वहां आई बाढ़ के बाद से लापता हैं। आपदा प्रबंधन विभाग के एक अधिकारी ने दावा किया कि पहाड़ियों से बह कर आए और शव बरामद किए जा सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *