कांग्रेस ने हमेशा बांटो और राज करो की नीति अपनाई : नरेन्द्र मोदी

नयी दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार को मध्य प्रदेश के नीमच में चुनावी जनसभा में कहा कि कांग्रेस के पास विजन के नाम पर विरोध और विभाजन है, जबकि भाजपा राज्य के विकास से देश के विकास पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सत्ता में बने रहने के लिए कांग्रेस ने हमेशा बांटो और राज करो की नीति अपनाई है।

प्रधानमंत्री ने इस दौरान भ्रष्टाचार, परिवारवाद और गरीबी को लेकर कांग्रेस पर जमकर हमला किया। उन्होंने कांग्रेस को राष्ट्रविरोधी बताते हुए कहा कि कांग्रेस देश की इस धरती को धोखा दे रही है। सत्ता के लालच में कांग्रेस ने हमेशा समाज को बांटा है। वह फूट डालो और राज करो की नीति पर चली है। कांग्रेस की कुनीति से देश में आतंक और अराजकता को बढ़ावा मिला है। आजादी के समय राष्ट्र निर्माण का जो जज्बा था, वो कांग्रेस ने एक परिवार की भक्ति में कुचल कर रख दिया।

Advertisement
Advertisement

मोदी ने कहा, ”आपने देशहित में कड़े और बड़े फैसले लेने वाली मजबूत भाजपा सरकार चुनी। कांग्रेस पिछले 10 साल से इस बात को पचा नहीं पा रही है। उन्हें यह बात हजम नहीं हो रही है कि मोदी कैसे सक्षम है काम करने के लिए – जिस मोदी को दिन-रात गाली देते हैं। इसलिए कांग्रेस देश में अस्थिरता और अराजकता फैलाना चाहती है। इसके लिए उसने गुप्त डील की है। कांग्रेस विदेशों में ऐसे लोगों के साथ खड़ी देखी जा सकती है जो खुलेआम भारत के खिलाफ साजिश रचते हैं।”

उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार चाहे केंद्र में रही हो या फिर राज्य में, उसने हमेशा भ्रष्टाचार के नए रिकॉर्ड बनाए हैं। कांग्रेस की इसी मानसिकता के कारण एक के बाद एक कई राज्यों से कांग्रेस साफ होती चली गई है। मप्र में भी 2 दशक हुए हैं, कांग्रेस बहुमत के लिए तरस गई है। कांग्रेस के पास विजन के नाम पर सिर्फ विरोध और विभाजन है।

मोदी ने कहा कि कांग्रेस देश के लिए सिर्फ समस्या पैदा करना जानती है, उसके पास कोई समाधान नहीं होता। महात्मा गांधी कहते थे कि ईमानदारी से शासन चलाना चाहिए, देश में रामराज्य लाना चाहिए, लेकिन कांग्रेस ने एक तरफ भ्रष्टाचार का किला खड़ा किया और दूसरी तरफ भगवान राम को भी काल्पनिक बता दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की वजह से सालों-साल से एक और समस्या हमारे देश में विकराल हुई। ये समस्या थी गरीब के हक में लूट की। कांग्रेस के ही एक प्रधानमंत्री कहते थे कि दिल्ली से 100 पैसा भेजता हूं तो 15 पैसा लाभार्थी तक पहुंचता है। ये 85 पैसे कौन सा पंजा मार लेता था? उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने जो समस्या पैदा की, उसका समाधान भी भाजपा ने ही किया। यानी कांग्रेस मतलब समस्या, भाजपा यानी सीधा समाधान। हमने मोबाइल, आधार और बैंक खातों की एक त्रिशक्ति बनाई। इस त्रिशक्ति के बाद हमने गरीबों के बैंक खातों में सीधे उसके हक का पैसा भेजना शुरू किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *