रांची से हैदराबाद नहीं जा पाए महागठबंधन के विधायक, कोहरे ने रोकी चार्टर्ड प्लेन की उड़ान

रांची : झारखंड में महागठबंधन के विधायक रांची से हैदराबाद नहीं जा पाए। रांची स्थित बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर विधायक दो घंटे से अधिक चार्टर्ड प्लेन में बैठे रहे लेकिन लो-विजिबिलिटी की वजह से विधायकों का चार्टर प्लेन उड़ान नहीं भर सका।

गठबंधन के विधायकों को मौसम का साथ नहीं मिला। गठबंधन के 38 विधायक दो चार्टर्ड विमानों में सवार होकर रनवे पर इंतजार करते रहे। बारिश और धुंध के कारण एटीसी की अनुमति नहीं मिलने के कारण उनका विमान उड़ान नहीं भर सका। रात 9 बजे यह निर्णय हुआ कि विधायक अब गुरुवार को हैदराबाद नहीं जायेंगे। उसके बाद बसें मंगा ली गयीं। सभी विधायक गुरुवार रात सर्किट हाउस में गुजारेंगे।

इससे पहले, गठबंधन विधायक दल के नेता चंपाई सोरेन सहित पांच विधायक राजभवन पहुंचे और राज्यपाल से मुलाकात कर उन्हें 43 विधायकों के समर्थन की सूची सौंपी। हालांकि राज्यपाल ने इस पर विचार करने के लिए समय मांगा और गठबंधन के नेताओं को सूचित करने की बात कही। इसके बाद झारखंड में महागठबंधन को अब अपने विधायकों के टूटने का डर सताने लगा है।

इस स्थिति को देखते हुए महागठबंधन के विधायकों को गुरुवार को एहतियातन रांची सर्किट हाउस से कड़ी सुरक्षा में बस से रांची एयरपोर्ट लाया गया, जहां से उन्हें तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद शिफ्ट करने की रणनीति बनी थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *