इतिहास के पन्नों में 06 फरवरीः एलन शेफर्ड चंद्रमा की धरती पर गोल्फ खेलने वाले पहले इंसान

देश-दुनिया के इतिहास में 06 फरवरी की तारीख तमाम अहम वजह से दर्ज है। शायद यह बहुत कम लोगों को मालूम होगी कि चंद्रमा पर पहली बार गोल्फ इसी तारीख को खेला गया। नासा के मून मिशन अपोलो-14 के क्रू का हिस्सा रहे अंतरिक्ष यात्री एलन शेफर्ड ने 06 फरवरी, 1971 को चांद पर गोल्फ खेलकर अंतरिक्ष इतिहास में अपना नाम दर्ज कराया था। एलन शेफर्ड ने चांद की सतह पर दो गोल्फ की गेंदें हिट की थीं। इस घटना के 50 साल बाद 2021 में अमेरिकी स्पेस एजेंसी नासा ने चांद पर खेली गई उन गोल्फ की गेंदों को खोज निकालने का दावा किया था।

नासा ने 31 जनवरी, 1971 को अपना आठवां मून मिशन अपोलो-14 लॉन्च किया था। इस मिशन पर तीन लोग एलन शेफर्ड, स्टुअर्ट रूसा और एडगर मिशेल गए थे। इन तीनों में से एलन शेफर्ड गोल्फर थे। वह गोल्फ स्टिक और गोल्फ बॉल को अपने स्पेस सूट में छिपाकर ले गए थे। चांद पर लैंडिंग के बाद अपना काम खत्म करके एलन शेफर्ड ने वहां गोल्फ खेलते हुए दो गेंदों को हिट किया था। इसके साथ ही वह चांद की धरती पर गोल्फ खेलने वाले पहले इंसान बन गए। अपोलो-14 मिशन नौ दिन दो मिनट का था।

नासा ने इमेजिंग एक्सपर्ट एंडी सॉन्डर्स की मदद से चंद्रमा की सतह पर गेंद की सही लोकेशन का पता लगाया था। सॉन्डर्स ने गेंद की लोकेशन का पता अपोलो-14 की तस्वीरों से लगाया। नासा के वैज्ञानिक यह भी बताने में कामयाब रहे कि गेंद गोल्फ स्टिक से हिट किए जाने के बाद चांद की सतह पर कितनी दूर जाकर गिरी। नासा के मुताबिक, पहली गेंद 24 गज दूर जबकि दूसरी गेंद 40 गज दूर जाकर गिरी थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *