संदेशखाली मामला : पुलिस ने आरोपित के खिलाफ लगाई कमजोर धाराएं, मिली जमानत तो फिर से किया गिरफ्तार

कोलकाता : संदेशखाली मामले में महिलाओं के यौन उत्पीड़न और अन्य अपराधों के मामले में आरोपित तृणमूल नेता उत्तम सरदार के खिलाफ पुलिस ने कमजोर धाराएं लगाई थीं। हालांकि इस मामले में सोमवार को उसे कोर्ट से जमानत मिलने के बावजूद पुलिस ने दोबारा गिरफ्तार किया है। भाजपा नेता विकास सिंह को भी दोबारा गिरफ्तार किया गया है। राज्य पुलिस ने बताया कि जमानत मिलने के बाद भी दोनों को दोबारा गिरफ्तार करने को लेकर सोमवार की रात सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में पुलिस ने कहा कि ऐसी खबरें चल रही हैं कि संदेशखाली मामले में गिरफ्तार उत्तम और विकास को हिरासत में नहीं लिया जाना चाहिए, जो “पूरी तरह से गलत” और “भ्रामक” हैं।

पुलिस ने उस पोस्ट में दावा किया कि गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपितों से दस दिन की पुलिस हिरासत मांगी गई थी लेकिन कोर्ट ने उनकी जमानत अर्जी मंजूर कर ली। पुलिस ने यह भी बताया कि दोनों के खिलाफ पिछले कुछ दिनों में संदेशखाली में कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। दूसरे मामलों में इन्हें गिरफ्तार किया गया है।

भाजपा नेता विकास को संदेशखाली में अशांति फैलाने के आरोप में शनिवार को गिरफ्तार किया गया था। वह बशीरहाट भाजपा संगठनात्मक जिले के पूर्व अध्यक्ष थे। वर्तमान में, वह बशीरहाट लोकसभा क्षेत्र में भाजपा के पर्यवेक्षक हैं। उनका घर संदेशखाली थाने के सामने है। जमानत मिलने के बाद विकास ने कहा कि वह असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। इसके तुरंत बाद पुलिस ने उन्हें दोबारा गिरफ्तार कर लिया। वहीं, शाहजहां शेख और उनके दो करीबी नेताओं शिबू हाजरा और उत्तम पर भी इलाके में ”अत्याचार” का आरोप है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *