पुरी दुर्घटना पर ममता बनर्जी ने जताया दुख

कोलकाता : ओडिशा के पुरी में जगन्नाथ महाप्रभु के नौका विहार के दौरान हुए भीषण हादसे को लेकर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने दुख जाहिर किया है। यहां पटाखे में विस्फोट से तीन लोगों की मौत और 30 से अधिक लोगों के घायल होने की घटना को लेकर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने गुरुवार सुबह माइक्रो ब्लॉगिंग साइट एक्स पर एक पोस्ट किया है। इसमें उन्होंने लिखा है, “भगवान जगन्नाथ की चंदन यात्रा के दौरान पुरी में हुए विनाशकारी पटाखा हादसे के बारे में जानकर स्तब्ध हूं, जिसके कारण कई लोग घायल हो गए। भगवान से उनके शीघ्र और पूर्ण स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं । ओडिशा सरकार के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं।”

दरअसल पुरी नरेन्द्र पुष्करिणी में भउंरी खेल के दौरान आतिशबाजी के समय यह हादसा हुआ है। घायलों को कटक एवं भुवनेश्वर के विभिन्न अस्पताल में भर्ती किया गया है। मृतकों में एक 15 वर्ष का नाबालिग भी शामिल है।

जानकारी के मुताबिक बुधवार रात के समय महाप्रभु की भंउरी नीति चल रही थी। इस नीति को देखने के लिए लोगों का समागम नरेन्द्र पुष्करिणी के किनारे हुआ था। इसी समय देवीघाट के निकट पटाखे जलाकर आतिशबाजी की जा रही थी। पटाखे की आग लोगों के ऊपर पड़ने से लोग इधर-उधर भागने लगे। कई लोग जान बचाने के लिए पानी में कूद गए। अब तक तीन लोगों की मौत हो चुकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *