ट्रेन दुर्घटनास्थल की ओर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी रवाना, पीड़ित परिवारों के लिए मुआवजे का ऐलान

कोलकाता : दार्जिलिंग जिले के फांसीदेवा में कंचनजंघा एक्सप्रेस की मालगाड़ी से हुई दुर्घटनास्थल पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भी जा रही हैं। रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव ने पहले ही घोषणा की है कि वह दुर्घटनास्थल पर जाएंगे। इसके साथ ही मृतक और घायलों के परिजनों को वित्तीय मुआवजे का भी ऐलान कर दिया गया है।

रेलमंत्री ने कहा है कि इस दुर्घटना में जो लोग मारे गए हैं उनके परिजनों को 10-10 लाख रुपये की मुआवजा राशि दी जाएगी। जबकि जो लोग गंभीर रूप से घायल हैं उन्हें ढाई लाख रुपये और सामान्य घायलों के परिवार को 50-50 हजार रुपये इलाज के लिए दिया जाएगा।

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी दुर्घटना पर दु:ख व्यक्त करते हुए कहा है कि वह भी आज दुर्घटनास्थल के लिए रवाना हो जाएंगी।

राज्यपाल भी रवाना

पश्चिम बंगाल के राज्यपाल डॉ सी.वी. आनंद बोस भी दुर्घटनास्थल के लिए रवाना हो गए हैं। वह स्पाइसजेट की फ्लाइट से बागडोगरा एयरपोर्ट के लिए रवाना हुए हैं। वहां से सड़क मार्ग से दुर्घटनास्थल पर जाएंगे।

उल्लेखनीय है कि कंचनजंघा एक्सप्रेस के दुर्घटनागास्त होने के मामले में अभी तक मरने वालों की संख्या बढ़कर 15 पर जा पहुंची है। जबकि घायलों की संख्या 25 से अधिक है। अभी मृतकों और घायलों की संख्या और अधिक बढ़ सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *