कोलकाता : पश्चिम बंग हिंदी भाषी समाज ने सी पी आई (एम) के महासचिव, राज्यसभा के पूर्व सांसद और जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय छात्र संघ के तीन बार अध्यक्ष रहे सीताराम येचुरी के निधन पर शोक व्यक्त किया है। संस्था के अध्यक्ष हेमंत प्रभाकर, संयुक्त महासचिव द्वय पूनम कौर और श्रेया जायसवाल ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा, ‘सीताराम येचुरी वामपंथी आंदोलन के अकेले नेता थे जो देश के सबसे बड़े हिस्से की जनता से उनकी भाषा में बात करते थे।
हमेशा हँसमुख व्यक्तित्व के सीताराम येचुरी पत्रकारों से गंभीर से गंभीर सवालों पर हँसते हुए ही जवाब देते थे। वे सी पी आई (एम) के पहले महासचिव थे जो लगातार दो बार राज्यसभा के सदस्य निर्वाचित हुए थे। पश्चिम बंगाल से उनका बेहद आत्मीय रिश्ता था। यहाँ तक कि वे प्रेस कॉन्फ्रेंस में भी बांग्ला में बोलते थे। सीताराम येचुरी खेल, सिनेमा सहित समकालीन विषयों पर अपनी तुरंत प्रतिक्रिया सोशल मीडिया में देते थे। सोशल मीडिया में वे काफी लोकप्रिय थे।वे भारतीय राजनीति के लोकप्रिय व्यक्तित्व थे।
सीताराम येचुरी का असामयिक निधन देश के वामपंथी, लोकतांत्रिक और धर्मनिरपेक्षता के आंदोलन -संघर्ष के लिए अपूरणीय क्षति है।अपनी अदम्य इच्छाशक्ति का परिचय देते हुए उन्होंने अस्पताल के आई सी यू से निकलकर बुद्धदेव भट्टाचार्य के लिए वीडियो रिकार्डिंग कर शोक संदेश भेजा था।’