West Bengal : अर्जुन सिंह के घर पर हमला, बमबाजी का आरोप

कोलकाता : बैरकपुर में शुक्रवार की सुबह पूर्व भाजपा सांसद अर्जुन सिंह के घर पर बमबारी और गोलीबारी की घटना सामने आयी है। अर्जुन सिंह ने आरोप लगाया है कि इस हमले में बम के टुकड़े उनके शरीर पर लगे हैं। यह घटना बैरकपुर के भाटपाड़ा स्थित उनके आवास मज़दूर भवन पर हुई, जब हमलावरों ने उनके घर पर ईंट, बमों और गोलियों से हमला किया।

अर्जुन सिंह ने बताया कि हमले के दौरान वह अपने घर के अंदर थे। उनके सुरक्षा कर्मियों और कर्मचारियों पर ईंट और बम फेंके गए, और गोलीबारी भी की गई। उन्होंने कहा, “मैं घर के अंदर था और मेरे सुरक्षा कर्मियों पर हमला हुआ। यहां के विधायक ( अर्जुन सिंह के बेटे पवन सिंह) पर भी हमला किया गया। मेरे पैर में बम के टुकड़े लगे हैं।”

अर्जुन सिंह का आरोप है कि तृणमूल कांग्रेस से जुड़े गुंडों ने उनके घर के सामने बम और गोली चलाई। उनके अनुसार, पुलिस की मौजूदगी में ही 25 से अधिक बम फेंके गए। बम फेंकने के बाद हमलावर गोलीबारी करते हुए भाग गए। अर्जुन ने आरोप लगाया कि स्थानीय पार्षद के बेटे और 15-20 अन्य लोगों ने मिलकर यह हमला किया।

इलाक़े में फैले तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *