लुधियाना में जागरण का पंडाल गिरा, 2 महिलाओं की मौत, 15 श्रद्धालु घायल

चंडीगढ़ : पंजाब में बीती रात चली धूलभरी आंधी के कारण जहां प्रदेश के कई हिस्सों में बिजली गुल रही। लुधियाना में जागरण का पंडाल गिरने से दो महिलाओं की मौत हो गई व 15 श्रद्धालु घायल हो गए। घायलों में ज्यादातर बच्चे हैं, जो मंच के बेहद करीब बैठे हुए थे।

लुधियाना के हंबडा रोड पर बने श्री गोविंद गोधाम मंदिर के पास द्वारका एनक्लेव में शनिवार रात मंदिर के पीछे खाली पड़े ग्राउंड में देवी जागरण का आयोजन किया गया था। इसमें गायिका पल्लवी रावत को बुलाया गया और वे माता की भेंटें गा रही थी। इसी दौरान रात करीब 2 बजे आंधी चली, जिसके बाद भगदड़ मच गई। आंधी आने के बाद जब लोग उठकर जाने लगे तो गायक और जागरण पार्टी ने उन्हें वहीं बैठा लिया। उनकी बातें सुनकर सभी बच्चे और महिलाएं वापस बैठ गए। थोड़ी देर में हवा तेज हुई और जागरण पार्टी की ओर से लगाया गया पंडाल धड़ाम कर गिर पड़ा। इस दौरान आगे बैठे लोग उसके नीचे दब गए। ढांचा गिरते ही तेज हवा के बीच ही चारों ओर चीख-पुकार मच गई। लोग इधर-उधर भागने लगे।

मौके पर मौजूद लोगों ने ढांचे के नीचे दबे लोगों को निकालना शुरू किया गया। इस दौरान उन्होंने पाया कि 2 महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 15 के करीब लोग घायल हो गए। मरने वाली महिलाओं में लुधियाना के ऋषि नगर की रहने वाली रजनी और द्वारका एनक्लेव में रहने वाली सुनीता हैं। आंधी आने के कारण मौके पर विराजमान भगवान भोलेनाथ की मूर्ति भी गिरकर खंडित हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *