बंगाल में चक्रवात ‘DANA’ से बचाव के लिए 3.5 लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया : ममता बनर्जी

कोलकाता : पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने गुरुवार को कहा कि राज्य के समुद्र तटीय इलाकों से 3.5 लाख से अधिक लोगों को चक्रवात ‘दाना’ के आने से पहले सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। उन्होंने जनता से सतर्क रहने और प्रशासन व पुलिस के साथ सहयोग करने की अपील की। ममता बनर्जी ने कहा कि वह गुरुवार की पूरी रात राज्य सचिवालय में रहेंगी और खुद स्थिति की निगरानी करेंगी।

मुख्यमंत्री ने अफवाहें फैलाने से बचने की अपील करते हुए कहा कि घबराहट पैदा न करें। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि स्थिति की निगरानी और जानकारी साझा करने के लिए 24×7 हेल्पलाइन (2214 3526) और अन्य फोन नंबर चालू किए गए हैं।

बनर्जी ने कहा कि विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए शैक्षणिक संस्थानों को बंद कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि मैं आपसे सहयोग की अपील करती हूं। सतर्क रहें। अगर पुलिस या प्रशासन किसी स्थान को खाली करने के लिए कहता है, तो उनकी सलाह मानें। पानी में न जाएं, इस समय मछली पकड़ना प्रतिबंधित है।

मौसम विभाग के अनुसार, चक्रवात ‘दाना’ शुक्रवार सुबह ओडिशा के भितरकनिका नेशनल पार्क और धामरा बंदरगाह के बीच लैंडफॉल कर सकता है। इस दौरान हवा की गति 120 किमी प्रति घंटे तक रहने की संभावना है। चक्रवात के कारण ओडिशा और पश्चिम बंगाल में भारी बारिश की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *