इतिहास के पन्नों में 26 अक्टूबरः पाकिस्तानी कबाइली हमलावर श्रीनगर तक पहुंचने ही वाले थे…

26 अक्टूबर 1947 को जम्मू-कश्मीर के महाराजा हरि सिंह ने भारत के साथ विलय संबंधी दो पेज के पत्र पर हस्ताक्षर कर दिए। वे लंबे समय से विलय को लेकर फैसला टालते आ रहे थे।

दरअसल, महाराजा हरि सिंह अपने राज्य को भारत और पाकिस्तान के बीच आजाद देश के रूप में देखने का सपना पाले थे। उनका यह सपना तभी से आकार ले रहा था जब बंटवारे के समय ब्रिटिश सरकार ने तकरीबन छह सौ रजवाड़ों के सामने दो विकल्प रखे- या तो अपनी रियासत का विलय भारत या पाकिस्तान में किसी एक साथ कर लें या फिर स्वतंत्र अस्तित्व रखें। हालांकि ब्रिटिश इंडिया के अंतिम वायसराय लॉर्ड माउंटबेटन ने सभी रजवाड़ों को यह भी साफ कर दिया था कि स्वतंत्र होने का विकल्प उनके पास नहीं था। वे भौगोलिक स्थिति की अनदेखी नहीं कर सकते। वे भारत या पाकिस्तान, चारों ओर से जिससे घिरे थे, उसमें ही शामिल हो सकते थे।

इन सबके बावजूद महाराजा हरि सिंह विलय को लेकर टालमटोल करते रहे। यहां तक कि 18 जून 1947 को लार्ड माउंटबेटन जब इसे लेकर श्रीनगर उनसे मिलने पहुंचे तो वे उनसे भी नहीं मिले। भारत की स्वतंत्रता के बाद दूसरी अन्य रियासतों का भारत में विलय हो चुका था लेकिन हरि सिंह अभी भी नहीं माने। यह स्थिति ज्यादा दिनों तक नहीं रही। कश्मीर पर कब्जे का मंसूबा बांध कर पाकिस्तान ने कबाइलियों की आड़ में कश्मीर पर चढ़ाई कर दी। चढ़ाई इतनी जबर्दस्त थी कि हमलावर कबाइली तेजी से राजधानी श्रीनगर की तरफ बढ़ रहे थे। महाराजा हरि सिंह ने पाकिस्तान के सामने झुकने के बजाए भारत सरकार से सैन्य मदद मांगना बेहतर समझा। भारत सरकार ने शर्त रख दी- कश्मीर का भारत में विलय। हालात को देखते हुए महाराजा हरि सिंह इसके लिए तैयार हो गए।

अन्य अहम घटनाएंः

1858- एच.ई. स्मिथ ने वॉशिंग मशीन का पेटेंट कराया।

1905- नॉर्वे ने स्वीडन से स्वतंत्रता प्राप्त की।

1934- महात्मा गांधी के संरक्षण में अखिल भारतीय ग्रामीण उद्योग संघ की स्थापना।

1943- कलकत्ता में हैजे की महामारी से अक्टूबर के तीसरे सप्ताह में 2155 लोगों की मौत।

1947- राजा हरि सिंह जम्मू-कश्मीर के भारत में विलय पर सहमत हुए।

1950- मदर टेरेसा ने कलकत्ता में चैरिटी मिशन की स्थापना की।

1951- विंस्टन चर्चिल ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बने।

1969- चांद पर कदम रखने वाले पहले अंतरिक्ष यात्री नील आर्मस्ट्रांग और एडविन एल्ड्रिन मुंबई आये।

1975- मिस्र के राष्ट्रपति अनवर सादात अमेरिका की आधिकारिक यात्रा करने वाले देश के पहले राष्ट्रपति बने।

1976- त्रिनिदाद एंड टोबैगो गणराज्य को ब्रिटेन से आजादी मिली।

1980- इजरायल के राष्ट्रपति यित्झाक नावोन मिस्र की यात्रा करने वाले पहले इजरायली राष्ट्रपति बने।

1994- इजराइल और जार्डन के बीच अरावा क्रॉसिंग पर बहुप्रतीक्षित शांति संधि।

1999- उच्चतम न्यायालय ने आजीवन कारावास की अवधि 14 वर्ष तय की।

2001- जापान ने भारत और पाकिस्तान के ख़िलाफ़ लगे प्रतिबंधों को हटाने की घोषणा की।

2007- अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा का महत्त्वपूर्ण यान डिस्कवरी अंतरराष्ट्रीय स्पेस स्टेशन पर सफलतापूर्वक उतरा।

2012- बर्मा में हिंसक झड़पों में 64 लोगों की मौत।

2015- उत्तर पूर्वी अफ़ग़ानिस्तान के हिंदूकुश पर्वत श्रृंखला में 7.5 तीव्रता वाले भूकंप से 398 लोगों की मौत, 2536 घायल।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *