कल्याणी पटाखा फैक्ट्री विस्फोट मामले में शुभेंदु अधिकारी ने की एनआईए जांच की मांग, पीड़ितों को सौंपी सहायता राशि

कोलकाता : विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने नदिया जिलान्तर्गत कल्याणी पटाखा फैक्ट्री में हुए विस्फोट की एनआईए जांच की मांग की है। मंगलवार को शुभेंदु ने घटनास्थल का दौरा कर पीड़ितों को सहायता राशि सौंपी।

मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार को विपक्षी नेता शुभेंदु अधिकारी ने नादिया के कल्याणी में रथतला पटाखा विस्फोट घटनास्थल का दौरा किया। इस दिन उनके साथ कल्याणी के विधायक अम्बिका रॉय, हरिनघाटा के विधायक असीम सरकार, चाकदा के विधायक बंकिम घोष और कई भाजपा कार्यकर्ता घटनास्थल पर पहुंचे। इस दौरान शुभेंदु अधिकारी ने मृतकों के परिजनों को दो लाख एक हजार रुपए की सहायता राशि दी।

अधिकारी ने कहा कि राज्य सरकार को मृतक के परिवार को लगभग 50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देनी चाहिए थी। वहीं, राज्य सरकार और सत्तारूढ़ पार्टी की आलोचना करते हुए शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि इस मामले में पुलिस को दंडित करना मुख्यमंत्री का कर्त्तव्य है। चारों ओर पक्के मकान हैं। घायलों की संख्या बढ़ सकती थी। गनीमत रही कि इस घटना में केवल चार लोगों की जान गई। एक का अस्पताल में इलाज चल रहा है। इसके लिए कल्याणी नगर पालिका, पुलिस और राज्य सरकार जिम्मेदार हैं। यदि पुलिस निष्पक्ष जांच नहीं करती है तो हम चाहेंगे कि मामले की जांच किसी निष्पक्ष एजेंसी को सौंपी जाए। जरुरत पड़ी तो मैं कानूनी रूप से लड़ूंगा।

उल्लेखनीय है कि शुक्रवार को कल्याणी स्थित एक पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट में करीब चार लोगों की मौत हो गई। विस्फोट इतना जबरदस्त था कि पूरी फैक्ट्री तहस-नहस हो गई और जले हुए शव चारों ओर बिखरे मिले।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *