अहमदाबाद से लंदन जाने वाली उड़ान रद्द, एयर इंडिया का दावा-ऑपरेशनल कारणों से री-शिड्यूल करना पड़ा

अहमदाबाद : भीषण विमान हादसे के बाद से एअर इंडिया की मुश्किलें कम होती नहीं दिख रहीं। मंगलवार को अहमदाबाद से लंदन जाने वाली एअर इंडिया की फ्लाइट को रद्द करना पड़ा है। एअर इंडिया की फ्लाइट संख्या AI-159, बोइंग 788, जो अहमदाबाद से दोपहर 1:10 बजे लंदन के लिए उड़ान भरने वाली थी, रद्द कर दी गई।

जानकारों ने दावा किया कि उड़ान भरने से कुछ घंटे पहले ही विमान में तकनीकी खराबी देखी गई। अच्छी बात यह है कि समय रहते इस खराबी को पकड़ लिया गया। जिसके बाद फ्लाइट को रद्द करना पड़ा। इससे यात्रियों को काफी असुविधाओं का सामना करना पड़ रहा है। लंदन जाने वाले कई यात्री हवाई अड्डे पर फंसे रहे।

यात्रियों को बताया गया कि मौजूदा फ्लाइट रद्द कर दी गई और 17 जून की फ्लाइट री-शेड्यूल की गई है। यात्रियों को 19 जून की फ्लाइट दी जा रही है।

हालांकि एअर इंडिया की तरफ से जारी अधिकृत जानकारी में इस बात से इनकार किया गया है कि तकनीकी कारणों से अहमदाबाद से लंदन जाने वाली फ्लाइट रद्द की गई। एअर इंडिया के मुताबिक “अहमदाबाद से गैटविक के लिए उड़ान संख्या AI159 को आज विमान की अनुपलब्धता के कारण रद्द कर दिया गया है, न कि किसी तकनीकी खराबी के कारण, जैसा कि दावा किया गया था।”

एअर इंडिया ने यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद जताते हुए कहा है कि “हमने उन्हें उनके गंतव्य तक ले जाने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की है। हम होटल में ठहरने की व्यवस्था कर रहे हैं और यात्रियों द्वारा विकल्प चुनने पर रद्दीकरण या पुनर्निर्धारण पर पूर्ण धनवापसी की पेशकश भी कर रहे हैं।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *