नेताजी जयंती पर रणक्षेत्र में तब्दील भाटपाड़ा, सांसद अर्जुन सिंह पर हमला, गाड़ी में तोड़फोड़

बैरकपुर : नेताजी सुभाष चंद्र बसुकी जयंती पर भाटपाड़ा का मानिकपीर बाजार चौमाथा रविवार को रणक्षेत्र में तब्दील हो गया। आरोप है कि पुलिस की मौजूदगी में बीजेपी सांसद अर्जुन सिंह पर तृणमूल समर्थकों ने हमला कर दिया। सांसद को निशाना बनाकर ईंट फेंके गये। इस हमले में सांसद के एक सुरक्षा कर्मी सहित कई लोग घायल हुए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार नेताजी की जयंती पर बीजेपी बैरकपुर जिला कमेटी की ओर से सुबह 10 बजे से भाटपाड़ा के मानिकपीर बाजार में मास्क व सैनिटाइजर वितरित किए जा रहे थे।

चौमाथा मोड़ पर नेताजी की मूर्ति पर माल्यार्पण करने के बाद बीजेपी विधायक पवन सिंह पार्टी कर्मियों के साथ मास्क व सैनिटाइजर वितरित कर रहे थे।

आरोप है कि पुलिस के सामने ही तृणमूल के कुछ लोगों ने पवन सिंह व उनके सहयोगियों पर हमला कर दिया। राकेश साव नाम के बीजेपी कार्यकर्ता के साथ मारपीट की गई। घटना की सूचना मिलने पर सांसद अर्जुन सिंह मौके पर पहुंचे।

वे मौके पर मौजूद तृणमूल समर्थकों की ओर बढ़े। इसके बाद ही दोनों पक्षों के बीच संघर्ष शुरू हो गया। आरोप है कि सांसद को निशाना कर ईंट फेंके गए ओर गोली भी चलाई गई। ईंट के हमले में पवन सिंह का एक सुरक्षाकर्मी घायल हो गया।

सांसद अर्जुन सिंह के मुताबिक भाटपाड़ा के वार्ड 8 के नयाबाजार के नूर जमाल उर्फ ​​साहेब और मुख़्तार अंसारी के नेतृत्व में गोपाल राउत, अरुण साव और तरुण साव ने उन पर हमला किया। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि तृणमूल समर्थकों ने उनको निशाना कर बेहिसाब ईंट चलाई, और गोली भी चलायी गयी। इसके साथ ही उनकी गाड़ी में भी तोड़फोड़ की गई।

हमले में विधायक पवन कुमार सिंह, पार्टी कार्यकर्ता अजीत साव, राकेश साव और गोपाल साव घायल हो गए। सांसद ने आरोप लगाया कि उनके एक अंगरक्षक के कान के पास से गोली गुजरी है। सुरक्षा बलों ने आत्मरक्षा में फायरिंग की। सांसद ने कहा कि घटना की सूचना केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और राज्यपाल जगदीप धनखड़ को दी गई है।

सांसद अर्जुन सिंह का दावा है कि नगरपालिका चुनाव आने वाले हैं इसलिए टीएमसी भाटपाड़ा में अशांति फैलाकर लोगों को आतंकित करना चाहती है। हालांकि इस बार वोट में जमीनी स्तर पर स्पष्ट जवाब दिया जाएगा।

घटना को लेकर भाटपाड़ा नगर पालिका के प्रशासक गोपाल राउत के इस घटना पर कहा कि सांसद अर्जुन सिंह मौके पर पहुंचे और कार से उतरकर पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट की। उनके अंगरक्षकों ने कार्यकर्ताओं को लक्ष्य कर फायरिंग कर दी। बैरकपुर के पुलिस आयुक्त मनोज वर्मा मौके पर पहुंचे और कहा कि नेताजी की प्रतिमा पर माल्यार्पण को लेकर मानिकपीर बाजार में दो युवकों के बीच हंगामा हुआ। बाद में दोनों पक्षों में हाथापाई हो गई। हालांकि गोली किसने और क्यों चलाई, इसकी जांच की जा रही है। इलाक़े में फैले तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

सुकांत मजूमदार पहुँचे भाटपाड़ा
प्रदेश बीजेपी के अध्यक्ष सुकांत मजूमदार सांसद अर्जुन सिंह और विधायक पवन सिंह पर हमले की खबर मिलने के बाद भाटपाड़ा पहुँचे और घटनास्थल पर जाकर नेताजी की मूर्ति पर माल्यार्पण किया। उन्होंने पुलिस प्रशासन को निष्क्रिय करार देते हुए तृणमूल को ऐसी हरकतों से बाज आने की नसीहत दी। उन्होंने कहा कि यदि तृणमूल नहीं सुधरती है तो उसे उसकी भाषा में जवाब दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

+ 88 = 91