इतिहास के पन्नों मेंः 24 फरवरी – पहला स्वामीनारायण मंदिर

अहमदाबाद में 24 फरवरी 1822 को दुनिया का पहला स्वामीनारायण मंदिर बनकर तैयार हुआ। बारीक नक्काशी के लिए मशहूर यह मंदिर श्रद्धालुओं की बड़ी आस्था का केंद्र है। जिसे स्वामीनारायण मंदिर या अक्षरधाम भी कहा जाता है। आज भारत के साथ-साथ दुनिया के कई देशों में स्वामीनारायण मंदिर हैं। अकेले अमेरिका में 30 स्वामीनारायण मंदिरों के साथ ब्रिटेन, दक्षिण अफ्रीका जैसे कई देशों में स्वामीनारायण मंदिर हैं।

1781 में उत्तर प्रदेश में अयोध्या के पास छप्पैया में रामनवमी के दिन जन्मे घनश्याम पांडे या स्वामीनारायण या सहजानंद स्वामी, हिंदू धर्म के स्वामीनारायण संप्रदाय के संस्थापक थे। विलक्षण प्रतिभा के धनी सहजानंद स्वामी ने बालपन में ही शास्त्रों का अध्ययन किया और कुछ समय बाद घर त्याग कर समूचे देश का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने गोपाल योगी से अष्टांग योग सीखा। वे उत्तर में हिमालय, दक्षिण में कांची, श्रीरंगपुर, रामेश्वरम के साथ पंढरपुर, नासिक होकर गुजरात पहुंचे। उन्होंने गुजरात को कर्मक्षेत्र बनाया।

उन्होंने बाकायदा संप्रदाय की शुरुआत की और देखते-ही-देखते उनके अनुयायियों की संख्या बढ़ती गयी। उन्होंने हिंसा, बलि प्रथा, सती प्रथा, कन्या हत्या, भूत-प्रेत जैसी मान्यताओं का विरोध किया। उनकी प्रसिद्धि इतनी फैली कि उन्हें नीलकंठवर्णी कहा गया। उनके सेवा भाव की वजह से लोग उन्हें अवतारी मानने लगे थे।

अहमदाबाद में मंदिर निर्माण उनके जीवनकाल में ही एक अनुयायी आनंदानंद स्वामी की देखरेख में संपन्न हुआ। इस मंदिर को बर्मी टीक में उकेरा गया है और हरेक मेहराब व चौकोर को चमकीले रंगों से चित्रित किया गया है।

भगवान स्वामीनारायण ने अहमदाबाद के साथ, मूली, भुज, जेतलपुर, धोलका, वडताल, गढ़डा, धोलेरा और जूनागढ़ में भव्य मंदिरों का निर्माण कराया। 1830 में उन्होंने देह का त्याग किया। उनके अनुयायी दुनिया भर में फैले हुए हैं।

अन्य अहम घटनाएंः

1882ः संक्रामक बीमारी टीबी की पहचान की गयी।

1924ः मशहूर गायक तलत महमूद का जन्म।

1927ः अभिनेत्री कामिनी कौशल का जन्म।

1939ः फिल्म अभिनेता जॉय मुखर्जी का जन्म।

1948ः तमिलनाडु की पूर्व मुख्यमंत्री जयललिता का जन्म।

1961ः मद्रास की सरकार ने राज्य का नाम बदलकर तमिलनाडु करने का फैसला किया।

1955ः जाने-माने आविष्कारक स्टीव जॉब्स का जन्म।

1998ः प्रसिद्ध चरित्र अभिनेत्री ललिता पवार का निधन।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *