ममता बनर्जी के बीरभूम दौरे को विपक्षी दलों ने बताया नाटक

कोलकाता : मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के गुरुवार को बीरभूम जिले के रामपुरहाट ब्लॉक अंतर्गत बगटुई गांव में जाकर हिंसा पीडि़तों से मिलने को विपक्षी दलों ने नाटक बताया। भाजपा, कांग्रेस और माकपा ने पीड़ितों को वित्तीय मदद देने पर मुख्यमंत्री पर निशाना साधा।

गुरुवार को प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने कहा है कि ममता बनर्जी केवल दिखावा कर रही हैं, हकीकत यह है कि उन्हें कानून व्यवस्था संभालनी चाहिए लेकिन वह ध्यान भटकाने की कोशिश में लगी हुई हैं। पीड़ित परिवारों को रुपये के जरिए खरीदने की कोशिश में जुटी हैं।

बंगाल कांग्रेस अध्यक्ष अधीर रंजन चौधरी ने सवाल किया कि मुख्यमंत्री ने बगटुई गांव जाने में इतनी देर क्यों की? हिंसा पीडि़तों से मिलने पहुंचे अधीर ने कहा कि राज्य में कानून व्यवस्था की स्थिति पूरी तरह चरमरा गई है। सिर्फ पिछले महीने ही बंगाल में 26 राजनीतिक हत्याएं हुई हैं। चुनाव के दौरान व चुनाव बाद हुई हिंसा में बहुत से लोगों की जानें गई हैं। अधीर ने आगे कहा कि यहां मानव राज की जगह दानव राज है, मुख्यमंत्री ने राज्य को तबाह कर दिया है। पुलिस और तृणमूल की मिलीभगत से राज्य को लूटा जा रहा है। अन्य किसी राज्य को बंगाल जैसी स्थिति का सामना करना नहीं पड़ रहा है।

बगटुई नरसंहार को लेकर मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के राज्य सचिव मोहम्मद सलीम ने कहा कि मुख्यमंत्री ने आखिरकार स्वीकार कर लिया कि रामपुरहाट में हिंसक वारदातें हुई हैं। वे अब वहां पहुंचकर नाटक कर रही हैं। हिंसा पीड़ितों को चेक देकर उनका मुंह बंद करने की कोशिश की जा रही है लेकिन इस तरह से आवाज दबायी नहीं जा सकेगी। सलीम ने सवाल किया कि बंगाल में इतने हथियार कहां से आ रहे हैं? तृणमूल कांग्रेस और अपराधियों में साठगांठ है। पहले मुख्यमंत्री बीरभूम जिला तृणमूल कांग्रेस अध्यक्ष अनुब्रत मंडल को नियंत्रित कर रही थीं, अब मंडल मुख्यमंत्री को नियंत्रित कर रहे हैं। गिरफ्तार अनारूल हुसैन का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि ब्लॉक अध्यक्ष सबकुछ तय कर रहे थे। पुलिस को नियंत्रित कर रहे थे। एसपी को कान पकड़कर बाहर कर देना चाहिए। आखिर वह किस बात के आईपीएस अधिकारी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *