इतिहास के पन्नों में 31 मार्च: दलाई लामा का भारत आगमन

इतिहास में 31 मार्च महज तारीख नहीं है। वह ऐसी कई घटनाओं की गवाह है, जिसने पूरी दुनिया को प्रभावित किया। इनमें महान वैज्ञानिक आइजक न्यूटन का निधन और भारत में डाक सेवा की शुरुआत प्रमुख घटनाक्रम है। इसके अलावा तिब्बती धर्मगुरु दलाई लामा आज के दिन ही अपने समर्थकों के साथ शरण लेने भारत पहुंचे थे।

दलाई लामा 31 मार्च, 1959 को अपने शिष्यों के साथ भारत पहुंचे। 17 मार्च को वे तिब्बत की राजधानी ल्हासा से पैदल चले और हिमालय को पार करते हुए लगभग 15 दिन बाद भारतीय सीमा में दाखिल हुए । भारत में दलाई लामा को शरण मिलना चीन को बहुत बुरा लगा। उस समय चीन में माओत्से तुंग का शासन था और भारत में पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू का शासन था। 1950 के दशक से शुरू हुए दलाई लामा और चीन का विवाद आजतक खत्म नहीं हुआ है। दलाई लामा के भारत में शरण लेने से चीन के साथ भारत के रिश्तों पर खासा असर पड़ा। वर्ष 1989 में दलाई लामा को शांति का नोबेल पुरस्कार मिला।

न्यूटनः दुनिया के महान भौतिकशास्त्रियों में शामिल आइजक न्यूटन का 31 मार्च, 1727 को 84 साल की आयु में निधन हो गया। 4 जनवरी, 1643 में इंग्लैंड के लिंकनशायर में पैदा हुए न्यूटन गुरुत्वाकर्षण के नियम और गति के सिद्धांत की खोज के लिए दुनिया भर में मशहूर हुए। उनका शोधपत्र ‘प्राकृतिक दर्शन के गणितीय सिद्धांत’ में 1687 में प्रकाशित हुआ। उस शोध पत्र में सार्वत्रिक गुरुत्वाकर्षण एवं गति के नियमों की व्याख्या की गई। वैज्ञानिकों के बीच न्यूटन का विशिष्ट स्थान है।

भारतीय डाक सेवा की शुरुआतः 1774 में आज के दिन ही पहला डाकघर खुलने के साथ भारतीय डाक सेवा की शुरुआत हुई। वारेन हेस्टिंग्स ने कलकत्ता (आज के कोलकाता) में प्रथम डाकघर स्थापित किया। इसके करीब 12 साल बाद मद्रास और उसके कुछ वर्षों बाद बंबई (आज की मुंबई) प्रधान डाकघर की स्थापना हुई। देश की प्रगति में डाक सेवाओं का अहम योगदान है।

अन्य अहम घटनाचक्र

1504 : सिखों के दूसरे गुरु अंगद देव का जन्म।

1727 : महान भौतिकशास्त्री आइजैक न्यूटन का निधन।

1774 : भारत में डाक सेवा का पहला कार्यालय खुला।

1865: भारत की प्रथम महिला डॉक्टर आनंदी गोपाल जोशी का जन्म।

1867: मुंबई में प्रार्थना समाज की स्थापना।

1870: अमेरिका में पहली बार किसी अश्वेत नागरिक ने वोट दिया।

1889: फ्रांस में एफिल टावर आधिकारिक रूप से खुला।

1917: अमेरिका ने डेनिश वेस्ट इंडीज खरीदा और उसका नाम वर्जिन आइलैंड रखा।

1921:रॉयल ऑस्ट्रेलिया एयरफोर्स की स्थापना।

1930: प्रसिद्ध स्वतंत्रता सेनानी एवं लेखक श्यामजी कृष्ण वर्मा का निधन।

1934: अंग्रेजी और मलयालम की प्रसिद्ध लेखिका कमला दास का जन्म।

1938: भारत की प्रसिद्ध महिला राजनीतिज्ञ तथा दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित का जन्म।

1945 : पहली महिला लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार का जन्म।

1959 : बौद्ध धर्मगुरु दलाई लामा को तिब्बत से निर्वासन के बाद भारत में शरण दी गई।

1964 : बंबई (मुंबई) में इलेक्ट्रिक ट्राम आखिरी बार चली।

1966 : सोवियत रूस ने पहला चंद्रयान लूना 10 लॉन्च किया।

1972 : भारतीय अभिनेत्री मीना कुमारी का निधन।

1979: माल्टा ने ब्रिटेन से स्वतंत्रता की घोषणा की।

1983: कोलंबिया के पोपायन में भूंकप, 500 लोगों की मौत।

1987: भारतीय ग्रैंडमास्टर शतरंज कोनेरू हंपी का जन्म।

1997: वासलेव क्लार्क नाटो सैनिक कमांडर नियुक्त।

2005: संयुक्त राष्ट्र ने उत्तर कोरिया को अनाज की आपूर्ति रोकी।

2007: विश्व तैराकी चैम्पियनशिप में माइकल फेल्प्स ने छह स्वर्ण पदक जीते।

2008: पाकिस्तान में वायुसेना की बस के पास बम विस्फोट में 12 लोग मारे गए।

2011 – जनगणना के आंकड़ों के मुताबिक भारत की आबादी एक अरब 21 करोड़ हुई। 10 साल पहले हुई गणना के मुकाबले यह 17.64 फीसदी ज्यादा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *