शरद यादव के निधन पर राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री समेत तमाम नेताओं ने शोक व्यक्त किया

नयी दिल्ली : दिग्गज नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री शरद यादव के निधन पर राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री समेत तमाम नेताओं ने शोक व्यक्त किया है।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने एक ट्वीट किया कि पूर्व केंद्रीय मंत्री शरद यादव के निधन के बारे में जानकर दुख हुआ। लोकतांत्रिक मूल्यों के लिए लड़ने वाले सत्तर के दशक के छात्र नेता शरद जी संसद में वंचितों की एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय आवाज थे। उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं।

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने ट्वीट में कहा कि शरद यादव जी के निधन से बहुत दुख हुआ। अपने लंबे सार्वजनिक जीवन में उन्होंने खुद को सांसद और मंत्री के रूप में प्रतिष्ठित किया। वे डॉ. लोहिया के आदर्शों से काफी प्रभावित थे। मैं हमेशा हमारी बातचीत को संजोकर रखूंगा। उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति संवेदनाएं। शांति।

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने अपने शोक संदेश में कहा कि वरिष्ठ राजनेता, पूर्व सांसद शरद यादव जी के निधन पर शोक व्यक्त करता हूं। वे विलक्षण प्रतिभा वाले महान समाजवादी नेता थे जिन्होंने वंचितों–शोषितों के दर्द को दूर करने के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। उनका निधन समाजवादी आंदोलन के लिए बड़ी क्षति है। परिजनों के प्रति मेरी संवेदनाएं।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ट्वीट में लिखा कि पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं देश के बड़े वरिष्ठ नेता श्री शरद यादव जी के निधन से मुझे गहरी वेदना की अनुभूति हुई है। अपने लंबे राजनीतिक जीवन में उन्होंने हमेशा समाज के कमज़ोर वर्गों की समस्याओं को पुरज़ोर तरीक़े से उठाया। आपातकाल के दौरान लोकतंत्र की रक्षा के लिए भी उन्होंने काफ़ी संघर्ष किया। उनके निधन से भारतीय राजनीति की एक प्रभावी आवाज़ ख़ामोश हो गई है।

उन्होंने आगे कहा कि शरदजी के साथ मेरा बड़ा लंबा और बेहद आत्मीय संबंध रहा है। स्वभाव से बेहद सरल और बेबाक़ शरदजी का निधन एक बड़ी क्षति है। दुःख की इस घड़ी में मैं उनके शोकाकुल परिवार और समर्थकों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूँ। ओम् शांति!

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने ट्वीट किया कि देश की समाजवादी धारा के वरिष्ठ नेता, जेडीयू के पूर्व अध्यक्ष, श्री शरद यादव जी के निधन से दुःखी हूं। एक पूर्व केंद्रीय मंत्री व दशकों तक एक उत्कृष्ट सांसद के तौर पर देश सेवा का कार्य कर, उन्होंने समानता की राजनीति को मज़बूत किया। उनके परिवार एवं समर्थकों को मेरी गहरी संवेदनाएँ।

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शरद यादव के निधन पर ट्वीट कर शोक प्रकट किया। उन्होंने लिखा कि महान समाजवादी नेता आदरणीय श्री शरद यादव जी का निधन अत्यंत हृदय विदारक है। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति एवं शोकाकुल परिजनों को यह दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें। ॐ शांति!

उल्लेखनीय है कि जनता दल यूनाइडेट (जदयू) के पूर्व अध्यक्ष शरद यादव का गुरुवार को निधन हो गया है। वे 75 वर्ष के थे। गुरुग्राम के फ़ोर्टीस अस्पताल में उन्होंने आख़िरी सांस ली।

सीएम ममता बनर्जी ने भी जताया शोक

पूर्व केंद्रीय मंत्री और जनता दल यूनाइटेड के पूर्व अध्यक्ष शरद यादव के निधन पर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शोक जताया है। ममता ने ट्वीट में लिखा- शरद यादव के निधन की खबर सुनने के बाद हृदय भारी हो गया। वह एक दिग्गज राजनेता और बेहद सम्मानित सहयोगी थे। उनकी विरासत जीवित रहेगी। मैं प्रार्थना करती हूं कि हूं उनके परिवार और अनुयायियों को दुख की इस घड़ी में सांत्वना और शक्ति मिले।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *