इतिहास के पन्नों में 29 अप्रैलः 383 वर्ष का हो गया लाल किला

कभी-कभी अतीत के पन्ने पलटने पर सुखद अहसास होता है। आंखों में इतिहास कौंध जाता है। दिल्ली के लाल किला को देखकर भारत के ‘वो’ दिन याद आने लगते हैं। लाल पत्थर से दिल्ली के बीचों बीच बनी यह इमारत अपनी भव्यता के लिए हर किसी का ध्यान आकर्षित करती है। इसकी मजबूती, बेहतरीन स्थापत्य कला और बेमिसाल कारीगरी लोगों को मुरीद बना लेती है। लाल किला की आधारशिला 29 अप्रैल, 1639 को रखी गई थी। विश्व धरोहर की सूची में शामिल दुनिया का यह सर्वश्रेष्ठ किला 10 साल में बनकर तैयार हुआ। 29 अप्रैल, 2022 को यह 383 वर्ष का हो जाएगा।

लाल किला दिल्ली शहर का सर्वाधिक प्रख्यात पर्यटन स्थल है। इस किले से ही भारत के प्रधानमंत्री स्वतंत्रता दिवस पर 15 अगस्त को देश की जनता को संबोधित करते हैं। 1947 में भारत के आजाद होने पर ब्रिटिश सरकार ने यह परिसर भारतीय सेना के हवाले कर दिया था। तब सेना ने यहां अपना कार्यालय बनाया। 22 दिसंबर, 2003 को भारतीय सेना ने अपने कार्यालय को हटाकर लाल किला खालीकर दिया। इसके बाद इसे एक समारोह में पर्यटन विभाग को सौंप दिया गया। इस समारोह में मौजूद तत्कालीन रक्षामंत्री जॉर्ज फर्नांडीस ने कहा था कि कि सशस्त्र सेनाओं का इतिहास लाल किले से जुड़ा हुआ है। अब अपने इतिहास और विरासत के महत्वपूर्ण पहलू को दुनिया को दिखाने का समय आ गया है।

प्रत्येक वर्ष 29 अप्रैल को अंतरराष्ट्रीय नृत्य दिवस के रूप में मनाया जाता है। यह दिवस महान रिफॉर्मर जीन जार्ज नावेरे की स्मृति में मनाया जाता है। इस दिवस को यूनेस्को की सहयोगी अंतरराष्ट्रीय रंगमंच संस्था ने 29 अप्रैल, 1982 को स्थापित किया। इस दिवस को स्थापित करने का मुख्य उद्देश्य आमजन को नृत्य विधा के महत्व से अवगत कराना था।

ब्रिटेन के इतिहास में 29 अप्रैल 2011 को 350 साल बाद ऐसा हुआ कि एक आम लड़की प्रिंस की बहू बनी। प्रिंस विलियम और केट मिड्लटन से शादी के गवाह बने ब्रिटिश शाही खानदान के 50 और दुनिया भर के रजवाड़े से आए दर्जनों खास मेहमानों के अलावा चर्च में करीब 2000 लोग थे। इसके अलावा दुनिया की एक तिहाई आबादी ने इसे टीवी पर देखा। इस शाही शादी के लिए ऐतिहासिक चर्च वेस्टमिंस्टर एबे को चुना गया। इस मध्ययुगीन चर्च से शाही परिवार का पुराना रिश्ता है। यह वही जगह है जहां 1997 में प्रिंस विलियम की मां डायना की आखिरी रस्म अदा की गई। इसके अलावा प्रिंस ने मां का हीरा और नीलम की अंगूठी सगाई के मौके पर ही केट को भेंट की। ब्रिटिश महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के उत्तराधिकारियों में प्रिंस विलियम दूसरे नंबर पर हैं। इस शाही जोड़े का एक बेटा भी है। प्रिंस जॉर्ज के पैदा होने पर दुनिया भर के मीडिया ने दिलचस्पी दिखाई। यहां तक कि अस्पताल के बाहर कई दिनों तक लोग खड़े रहे और राजकुमार विलियम, उनकी पत्नी केट और उनके पहले बच्चे जॉर्ज के बाहर आने का इंतजार किया।

29 अप्रैल, 1993 को पहली बार बकिंघम पैलेस को आम जनता के लिए खोला गया। उसे देखने के लिए आठ पाउंड का टिकट लगाया गया। इससे पहले सिर्फ अगस्त और सितंबर में ही दर्शक वहां जा सकते थे, क्योंकि उस दौरान महारानी अपने स्कॉटिश आवास बालमोराल में रहती हैं। वैसे भी दर्शकों को महल के बहुत बड़े हिस्से और महारानी के निजी आवास में जाने की मनाही थी। इस सबके पीछे सोच यही थी कि इससे होने वाले फायदे से आग से बर्बाद हो चुके विंडसर कासेल का पुनर्निर्माण कराया जा सके।

इसी तारीख को 1992 में अमेरिका के लॉस एंजेल्स में काले मोटरचालक रॉडनी किंग को पीटने के मामले में अभियुक्त चार श्वेत पुलिस अधिकारियों को बरी किए जाने के फैसले के विरोध में दंगा भड़क गया। गुस्साई भीड़ ने रंगभेदी नारे लगाते हुए पुलिस मुख्यालय पर पथराव किया। आगजनी की। इस दंगे में 55 लोग रंगभेदी हिंसा के शिकार हुए। दो हजार लोग घायल हुए। 12 हजार लोगों को गिरफ्तार किया गया। कैलीफोर्निया राज्य में 1965 के बाद इसे सबसे बड़ी हिंसक घटना माना जाता है। तत्कालीन राष्ट्रपति जॉर्ज बुश ने टेलीविजन संबोधन में हिंसक घटनाओं को रोकने की अपील की। पुलिस ज्यादती पर चिंता जताई।

महत्वपूर्ण घटनाक्रम

1661: चीन के मिंग वंश ने ताइवान पर कब्जा किया।

1639: दिल्ली में लाल किले की नींव रखी गई।

1813: अमेरिका में जेएफ हम्मेल ने रबर का पेटेंट कराया।

1848: सुप्रसिद्ध चित्रकार राजा रवि वर्मा का जन्म।

1930: ब्रिटेन और ऑस्ट्रेलिया के बीच टेलीफोन सेवा शुरू।

1939: नेताजी सुभाषचंद्र बोस का कांग्रेस से इस्तीफा दिया।

1978: अफगानिस्तान के विद्रोही गुट ने सत्ता हासिल की। काबुल रेडियो पर घोषणा की गई कि उपराष्ट्रपति, रक्षामंत्री, गृहमंत्री और वायुसेना अध्यक्ष लड़ाई में मारे गए।

1991: बांग्लादेश के चटगांव में चक्रवाती तूफान में एक लाख 38 हजार लोग मारे गए।

1993: पहली बार बकिंघम पैलेस को आम जनता के लिए खोला गया। आठ पाउंड का टिकट रखा गया।

2005: सीरिया ने लेबनान से सेना को वापस बुलाया।

2011: लंदन के ऐतिहासिक चर्च वेस्टमिंस्टर एबे में प्रिंस विलियम और केट मिड्लटन का विवाह।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *