West Bengal : भाजपा के एसपी कार्यालय घेराव के दौरान रणक्षेत्र बना बशीरहाट

बशीरहाट : भाजपा के एसपी कार्यालय घेराव के कार्यक्रम को लेकर मंगलवार को बशीरहाट में जमके हंगामा हुआ। प्रदेश अध्यक्ष सुकांत मजूमदार के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने बैरिकेड तोड़कर एसपी कार्यालय की ओर बढ़ने की कोशिश की। पुलिस ने उन्हें रोका। इस दौरान दोनों पक्षों में हुई झलक के कारण पूरा इलाका राणक्षेत्र में तब्दील हो गया।

आरोप है कि पुलिस ने भाजपा कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए लाठियां भांजीं जिसमें भाजपा के कई कार्यकर्ता घायल हो गए। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने आरोप लगाया कि केवल पुलिस ही नहीं, बल्कि तृणमूल के लोग भी उन्हें रोकने के लिए आए थे। उन्होंने छतों से भाजपा कार्यकर्ताओं पर ईंटें फेंकीं। इस घटना में कई कार्यकर्ता लहूलुहान हो गये। पुलिस की रुकावट के कारण सुकांत मजूमदार आगे नहीं बढ़ सके और अंत में सड़क पर बैठ गये। भाजपा कार्यकर्ता सड़क पर बैठकर नारेबाजी करने लगे।

संदेशखाली मामले में शेख शाहजहां और शिबू हाजरा की गिरफ्तारी तथा संदेशखाली के पूर्व विधायक निरापद सरदार और भाजपा के बशीरहाट सांगठनिक जिला संयोजक विकास सिंह की बिना शर्त रिहाई की मांग को लेकर मंगलवार को माकपा और भाजपा ने अलग-अलग एसपी कार्यालय का घेराव किया। हालात को देखते हुए पूरे इलाके में धारा 144 जारी कर दी गई। बशीरहाट के संग्रामपुर में एसपी कार्यालय से 500 मीटर की दूरी पर दोनों तरफ बैरिकेड लगाए गए थे।

हालांकि तृणमूल कांग्रेस के प्रवक्ता कुणाल घोष ने कहा कि संदेशखाली में शांति है और प्रशासन संयम से अपना काम कर रही है। भाजपा और वाम दलों के लोग पुलिस को उकसाने की कोशिश कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *