ममता बनर्जी के बयान को भाजपा ने बताया गंदी राजनीति से प्रेरित

नयी दिल्ली : वन डे विश्व कप के फाइनल मैच को लेकर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के बयान पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पलटवार करते हुए इसे गंदी राजनीति से प्रेरित बताया है। भाजपा नेता मनजिन्दर सिंह सिरसा ने गुरुवार को कहा कि ममता बनर्जी का बयान बेहद दुखद है। वे क्रिकेट के खेल को लेकर गंदी राजनीति कर रही हैं। हमारे खिलाड़ियों ने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया है। इस वन डे विश्व कप के ग्यारह में से दस मैच भारत ने जीता है। यह चुनाव नहीं है, ये खेल है, इसमें कोई जीतता है तो कोई हारता है। इसे राज्यों के नाम पर बांटना गंदी राजनीति से प्रेरित है।

उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी की मानसिकता ये है कि गुजरात के लोग बुरे हैं, क्योंकि वहां मैच खेला गया। अगर क्रिकेट का यह मैच पश्चिम बंगाल में खेला जाता तो हम जीत जाते। मतलब साफ है कि वे खेल को राज्यों के नाम पर बांट रही हैं। उन्होंने पूछा कि ममता जी कह रही हैं कि हम भगवा रंग पहनने के कारण हार गए, भगवा रंग हमारे झंडे में भी है, अब आप भारत के झंडे से भी रंग हटा देंगे?

Advertisement

उल्लेखनीय है कि पश्विम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने गुरुवार को कहा कि अगर विश्व कप का फाइनल मुंबई या कोलकाता में होता तो भारत ही जीतता। बनर्जी ने टीम का ‘भगवाकरण’ करने का आरोप लगाया। वे नेताजी इंडोर स्टेडियम में पार्टी कार्यकर्ताओं से बातचीत कर रही थीं। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि वे पूरे देश को भगवा रंग में रंगने की कोशिश कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *