ममता सरकार की वर्षगाँठ पर राज्य भर में लोकतंत्र स्थापना सप्ताह मनाएगी भाजपा

कोलकाता : पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की तीसरी बार सरकार के गठन की पहली वर्षगाँठ के मौके पर राज्य सरकार राज्य द्वारा चलाई गई योजनाओं की प्रदर्शनी की तैयारी कर रही है। दूसरी ओर मुख्य विपक्षी पार्टी भाजपा भी राज्य सरकार की योजनाओं पर कटाक्ष के लिए जगह-जगह होर्डिंग लगाने की तैयारी में जुट गई है।

पार्टी के सूत्रों ने रविवार को बताया है कि 5 मई को ममता बनर्जी ने तीसरी बार मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली थी। उसी मौके पर यह कार्यक्रम भाजपा की ओर से चलाया जाएगा। इसके लिए पार्टी की ओर से ममता सरकार की विभिन्न योजनाओं के जरिए लोगों को बरगलाने और योजनाओं के नाम पर केवल सत्तारूढ़ पार्टी को लाभ पहुंचाने की मंशा से संबंधित बैनर पोस्टर पूरे राज्य में लगाए जाएंगे। मूल रूप से कोलकाता के सेंट्रल एवेन्यू, गणेश चंद्र एवेन्यू, चांदनी चौक, धर्मतल्ला, तालतला, जानबाजार सहित शहर के मुख्य चौराहों और क्रॉसिंग पर होर्डिंग लगेंगे। इसमें ममता सरकार की विफलताओं, कानून व्यवस्था की बदहाली और राज्य भर में महिलाओं तथा आम लोगों के खिलाफ जारी हिंसा की घटनाओं का जिक्र भी किया जाएगा।

इधर भारतीय जनता पार्टी के इस कार्यक्रम को लेकर तृणमूल कांग्रेस ने भी कटाक्ष करना शुरू कर दिया है। पार्टी के सांसद कल्याण बनर्जी ने कहा है कि भाजपा की विधानसभा चुनाव में शर्मनाक हार हुई थी जिसका दर्द भूल नहीं पा रही है। मोदी से लेकर योगी तक आए थे और कहा था आपकी बार 200 के पार लेकिन 70 के पार भी नहीं जा सके। इसी खीझ में राज्य सरकार के खिलाफ दुष्प्रचार की कोशिश में जुटे हैं। उन्हें आम लोगों से माफी मांगनी चाहिए।

इस संबंध में भाजपा नेता राहुल सिन्हा ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ सांसद सौगत रॉय ने ही कहा था कि बंगाल में महिला मुख्यमंत्री होने के बावजूद राज्य भर में महिलाओं पर अत्याचार शर्मनाक है। आज बंगाल महिलाओं के खिलाफ दुष्कर्म और उत्पीड़न के अन्य वारदातों के मामले में पूरे देश में शीर्ष पर है। इससे बड़ी बात और क्या होगी। राज्य सरकार पर भरोसा बिल्कुल नहीं रह गया है इसलिए न्यायालय ने हर मामले को सीबीआई को सौंपा है। आम लोगों के समक्ष भाजपा इन्हीं मुद्दों को बैनर पोस्टर के जरिए ले जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *