कोलकाता मेडिकल कॉलेज में अवैध संबंध को लेकर बवाल, महिला ने दूसरी महिला के सिर पर…

कोलकाता : अवैध संबंधों के विवाद ने सोमवार को कोलकाता मेडिकल कॉलेज अस्पताल के भीतर हंगामा खड़ा कर दिया। आरोप है कि एक महिला ने दूसरी महिला के सिर पर हथौड़े से हमला कर दिया। घायल महिला की पहचान प्रियंका मजूमदार के रूप में हुई है। अस्पताल में ही उसका प्राथमिक इलाज किया गया। पीड़िता ने अपने पति की प्रेमिका पर हमला करने का आरोप लगाया है, वहीं पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार, प्रियंका मजूमदार के पति का किसी अन्य महिला के साथ विवाहेत्तर संबंध है। इस बारे में प्रियंका को पहले ही शक था और इसे लेकर पति-पत्नी के बीच कई बार विवाद भी हो चुका था। पीड़िता का कहना है कि अवैध शारीरिक संबंधों की वजह से उसका पति उससे बातचीत तक बंद कर चुका था।

सोमवार को प्रियंका किसी काम से कोलकाता मेडिकल कॉलेज गई थीं। तभी अस्पताल परिसर में उन्होंने अपने पति और उसकी कथित प्रेमिका को एक साथ देख लिया। इसके बाद प्रियंका सीधे उनके पास पहुंच गईं और बात करने की कोशिश करने लगीं।

हालांकि पति और महिला ने उससे बातचीत करने से इनकार कर दिया। इसके बाद प्रियंका ने अस्पताल के बाहर जाकर आरोपित महिला से बात करने की कोशिश की। तभी अचानक महिला ने अपने बैग से हथौड़ा निकाला और प्रियंका के सिर पर जोरदार हमला कर दिया।

प्रियंका के सिर पर गहरी चोट लगी और खून बहने लगा। आसपास मौजूद लोग इस हमले से हैरान रह गए। इसके बाद घायल प्रियंका को तुरंत प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसके सिर पर पट्टी की गई।

पीड़िता प्रियंका का आरोप है कि जब वह महिला से सिर्फ बात करने गई थीं, तभी उसे गालियां दी गईं और फिर हमला कर दिया गया। प्रियंका ने बताया कि वह पिछले सात वर्षों से अपने पति के साथ वैवाहिक जीवन बिता रही थीं, लेकिन अवैध संबंधों के चलते अब उनका रिश्ता टूटने की कगार पर पहुंच गया है।

प्रियंका ने हमले में अपने पति की भी भूमिका होने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि इस घटना के बाद वह खुद को असुरक्षित महसूस कर रही हैं। चूंकि हमला अस्पताल परिसर में हुआ, इसलिए वहां तैनात पुलिसकर्मी भी मामले की जांच में जुटे हैं। प्रियंका की शिकायत के आधार पर पुलिस हमलावर महिला और उसके पति के खिलाफ कार्रवाई कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *