कोलकाता : पश्चिम बंगाल के दो प्रतिभाशाली छात्र देवदत्ता मांझी और अर्चिस्मान नंदी ने जेईई मेंस 2025 में 100 परसेंटाइल हासिल कर देशभर के टॉप प्रदर्शन करने वाले छात्रों में अपना स्थान सुनिश्चित किया है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने इस उपलब्धि पर दोनों छात्रों को बधाई दी है और कहा है कि यह राज्य के लिए गौरव का विषय है।
मुख्यमंत्री ने अपने ट्वीट में लिखा, “यह हमारे लिए गर्व की बात है कि देवदत्ता और अर्चिस्मान ने जेईई मेंस 2025 में 100 परसेंटाइल प्राप्त किया है। ये दोनों 2023 में अपनी-अपनी माध्यमिक परीक्षा में भी शीर्ष रैंक लाने में सफल रहे थे।”
मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि दोनों छात्रों को एक जून 2023 को ‘बिस्व बांग्ला मेला प्रांगण’ में सम्मानित किया गया था। खास बात यह है कि देवदत्ता मांझी ने पश्चिम बंगाल माध्यमिक शिक्षा बोर्ड से पढ़ाई की और आगे की शिक्षा पश्चिम बंगाल उच्च माध्यमिक शिक्षा परिषद के अंतर्गत जारी रखी।
देवदत्ता राज्य सरकार द्वारा आयोजित ‘विद्यासागर साइंस ओलंपियाड 2022’ में भी टॉप रैंक हासिल कर चुकी हैं, जिससे उनकी प्रतिभा और परिश्रम की पुष्टि होती है।
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि इन दोनों छात्रों की सफलता राज्य की शिक्षा प्रणाली की गुणवत्ता को दर्शाती है। राज्य सरकार उनके साथ हमेशा खड़ी रहेगी।