Kolkata : दो समुदायों में झड़प, पुलिस पर पत्थरबाजी में कई घायल

महेशतल्ला : दक्षिण 24 परगना जिला अंतर्गत महेशतल्ला में बुधवार को दुकान लगाने को लेकर दो समुदायों में झड़प हो गई। इलाके में कई घरों में तोड़फोड़ की गई। रवींद्रनगर थाने के सामने एक बाइक में आग लगा दी गई। भीड़ ने पुलिस पर पथराव किया जिसमें कई लोग घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह आकड़ा संतोषपुर इलाके में फल की दुकान लगाने को लेकर विवाद शुरू हुआ। पहले कहासुनी हुई। बाद में यह मारपीट में बदल गया। दोनों गुटों के बीच झड़प शुरू हो गई। इलाके में जमकर तोड़फोड़ शुरू हो गई और कई घरों की छतों से पत्थर फेंके गए।

खबर मिलते ही भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। एडीजी दक्षिण बंगाल, डीआईजी प्रेसीडेंसी रेंज समेत अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। गुस्से भीड़ ने पुलिस पर ईंट-पत्थर बरसाए। रवींद्रनगर थाने से सटे इलाके में एक बाइक को भी आग के हवाले कर दिया गया। पुलिस वाहन में भी तोड़फोड़ की गई।

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए रैफ तैनात के जवानों की तैनाती की गई। आंसू गैस के गोले भी छोड़े गए और हल्का लाठीचार्ज भी किया गया। इसके बावजूद स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में नहीं आ पाई। घटना में एक महिला पुलिस अधिकारी घायल हो गई। उन्हें लहूलुहान हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना से स्थानीय लोग दहशत में हैं। इस दौरान मीडिया कर्मियों पर भी हमला किए जाने की खबर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *