पारिवारिक विवाद से परेशान महिला ने आग लगाकर की आत्महत्या, 3 घायल

भांगड : पारिवारिक विवाद के चलते एक गृहिणी ने स्वंय को आग लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना में परिवार के तीन अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना रविवार की रात दक्षिण 24 परगना जिले के भांगड़ थाने के मरिचा लेबुतला गांव की है। मृतक गृहिणी का नाम चंपा बीबी (35) है। घायलों के नाम सूरज मोल्ला, मिराज मोल्ला और जहांआरा खातून हैं।

पुलिस व स्थानीय सूत्रों के मुताबिक रविवार की रात पति सूरज मोल्ला और पत्नी चंपा बीबी के बीच झगड़ा चल रहा था। इसके बाद सूरज ने गुस्से में आकर अपने ऊपर मिट्टी का तेल उड़ेल लिया। यह देख छोटा भाई मिराज मोल्ला दौड़ता हुआ आया। बड़े भाई के शरीर से मिट्टी का तेल पोंछने लगा। तब तक अचानक चंपा बीबी कमरे में घुस गई और खुद पर मिट्टी का तेल डालकर आग लगा ली। तभी पति सूरज मोल्ला, देवर मिराज मोल्ला और मिराज की पत्नी जहांआरा खातून उसे बचाने की कोशिश करने लगे। चूंकि सूरज पर पहले से ही मिट्टी का तेल लगा हुआ था, इसलिए चंपा बीबी को बचाने के दौरान उसके शरीर में भी आग लग गई। दोनों को बचाने के प्रयास में मिराज और जहांआरा भी घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने उन्हें बचाया और इलाज के लिए नलमुड़ी प्रखंड प्राथमिक अस्पताल ले गए। चंपा बीबी की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें कोलकाता के चित्तरंजन मेडिकल कॉलेज अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया। वहां सोमवार की सुबह उसकी मौत हो गई। भांगड़ थाने की पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *