‘द्रौपदी’ रूपा ने कहा : बंगाल में बच्चियों का हो रहा चीरहरण

कोलकाता : पश्चिम बंगाल में दुष्कर्म की लगातार होती घटनाओं के बीच टीवी पर प्रसारित महाकाव्य ‘महाभारत’ सीरियल में द्रौपदी की भूमिका निभाने वाली अभिनेत्री और भाजपा की राज्यसभा सांसद रूपा गांगुली ने कहा है कि पश्चिम बंगाल में बच्चियों का चीरहरण हो रहा है। बुधवार को यह बयान देते हुए वह भावुक भी हो गईं और कहा कि ममता राज में महिलाएं द्रौपदी की तरह पीड़ित हैं। महाभारत सीरियल में अपने रोल को याद करते हुए उन्होंने कहा कि द्रौपदी के चीरहरण का रोल उन्होंने जब निभाया था तब कई रातों तक रोती रहीं यह सोच कर कि कैसे भरी सभा में एक महिला के वस्त्र उतारे जा सकते हैं।

नदिया जिले के हाँसखाली में बच्ची से दुष्कर्म की घटना को लेकर रूपा गांगुली ने कहा कि जब भरी सभा में द्रौपदी के चीर हरण का दृश्य शूट हो रहा था तो उसमें आठ दिन लग गए थे और इन आठ दिनों में ऐसा कोई दिन नहीं था जब रात को 10 बजे होटल लौटने के बाद मैं रोती नहीं थी। सबको लगता है कि मैंने अच्छी एक्टिंग की थी लेकिन मैं उस रील लाइफ को महसूस कर परेशान रहती थी। उन्होंने कहा कि बंगाल में जो हो रहा है वह दिल दहलाने वाला है।

उल्लेखनीय है कि नदिया जिले में बच्ची से हुई दुष्कर्म की घटना के बाद ममता बनर्जी ने कहा था कि बच्ची लव अफेयर में थी और गर्भवती थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *