गाजियाबाद : दिल्ली की महिला से सामूहिक दुष्कर्म मामले में 5 पर मुकदमा दर्ज, 4 हिरासत में

गाजियाबाद : गाजियाबाद में 5 लोगों द्वारा दिल्ली की एक महिला से सामूहिक दुष्कर्म की घटना प्रकाश में आई है। पीड़ित महिला के भाई की तहरीर पर थाना नन्दग्राम पुलिस ने 5 पर मुकदमा दर्ज करते हुए 4 अभियुक्तों को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस अधीक्षक नगर (प्रथम) निपुण अग्रवाल ने बुधवार को बताया कि बुधवार को तड़के करीब 4:30 बजे पीआरवी 112 से नंदग्राम पुलिस को सूचना मिली कि एक महिला आश्रम के पास पड़ी हुई है। तत्काल पुलिस मौके पर पहुंची और उसे अस्पताल में ले जाया गया। महिला ने बताया कि वह नंद नगरी शाहदरा दिल्ली की रहने वाली है और यहां पर अपने भाई के पास वैम्बे कॉलोनी में जन्मदिन के कार्यक्रम में शामिल होने आई थी। जब वह वापस जा रही थी तभी रास्ते से पांच लोग उसे जबरन उठाकर ले गए और आश्रम के पास उससे सामूहिक दुष्कर्म कर फरार हो गए।

पुलिस अधीक्षक नगर ने बताया कि पूछताछ के दौरान महिला ने पहले दो लोगों के नाम बताए थे, जबकि बाद में पांच लोगों द्वारा दुष्कर्म करने की बात बताई। उन्होंने बताया कि जानकारी करने पर पता चला है कि अभियुक्त पीड़ित महिला के पुराने परिचित हैं और इनके बीच संपत्ति को लेकर विवाद भी चल रहा है। उन्होंने कहा कि महिला के भाई की तहरीर पर थाना नंद ग्राम में पांच लोगों खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और पीड़ित का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। चार लोगों को हिरासत में लेकर मामले की गम्भीरता के साथ जांच पड़ताल कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *