तकनीकी कमी के चलते इंडिगो के विमान की कोलकाता में आपात लैंडिंग

– टेकऑफ के बाद वापस लौटा कोलकाता से मुंबई जा रहा विमान

कोलकाता : इंडिगो के विमान में एक बार फिर तकनीकी गड़बड़ी सामने आई है। कोलकाता से 156 यात्रियों को लेकर मुंबई के लिए उड़ान भरने के बाद विमान को वापस कोलकाता एयरपोर्ट पर लैंड करना पड़ा। बाद में यात्रियों को दूसरे विमान से मुंबई रवाना किया गया।

एयरपोर्ट के सूत्रों ने बताया कि शुक्रवार की सुबह इंडिगो के एक विमान ने 156 यात्रियों को लेकर मुंबई के लिए उड़ान भरी लेकिन कुछ देर बाद पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क साधा और बताया कि फ्लाइट में तकनीकी गड़बड़ी है और उसे वापस लैंड करने की अनुमति दी जाए। आनन-फानन में विमान को एयरपोर्ट पर उतरने की अनुमति दे दी गई। फ्लाइट के सुरक्षित लैंड कर लेने पर सभी ने राहत की सांस ली। सभी यात्री सुरक्षित थे, बाद में उन्हें दूसरे विमान से मुंबई के लिए रवाना किया गया।

जानकारी के अनुसार इंडिगो के विमान की जांच के लिए विमानन मंत्रालय ने समिति का गठन किया था। इससे पहले 28 अक्टूबर को दिल्ली से बेंगलुरु के लिए उड़ान भरने की तैयारी कर रहे इंडिगो की फ्लाइट के इंजन में आग लग गई थी। उस समय दिल्ली में हवाई अड्डे पर आपातकालीन स्थिति घोषित कर दी गई थी। उसमें 177 यात्री और सात क्रू मेंबर सवार थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *