बंगाल में निवेश आमंत्रित करने के लिए सितंबर में स्पेन व दुबई का दौरा करेंगी ममता

कोलकाता : पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी राज्य में निवेशकों को आमंत्रित करने के लिए 12 से 23 सितंबर तक स्पेन और दुबई का दौरा करेंगी। मुख्यमंत्री 12 सितंबर को स्पेन के लिए रवाना होंगी और उसके बाद दुबई जाएंगी।

ममता के इस दौरे को विदेश मंत्रालय की हरी झंडी मिल गई है। विदेश मंत्रालय से यात्रा की मंजूरी का पत्र प्राप्त होने के बाद राज्य सरकार के अधिकारियों ने गुरुवार को यह जानकारी दी।

Advertisement
Advertisement

अधिकारियों के मुताबिक मुख्यमंत्री के यात्रा कार्यक्रम में स्पेन की राजधानी मैड्रिड और बार्सिलोना शामिल हैं, जो कभी बंगालियों के लिए ”मेसी का शहर” कहा जाता था। हालांकि, फुटबॉल-प्रेमी बंगालियों का दोनों शहरों से आध्यात्मिक संबंध है।

मैड्रिड के दो फुटबॉल क्लब रियल मैड्रिड और एटलेटिको डी मैड्रिड विश्व प्रसिद्ध हैं। नतीजतन, बंगाली फुटबॉल जगत भी ममता की स्पेन यात्रा में रुचि रखता है। स्पेन से ममता दुबई जाएंगी और फिर कोलकाता लौटेंगी।

राज्य सरकार के महात्वाकांक्षी वार्षिक आयोजन विश्व व्यापार सम्मेलन से पहले विदेशी निवेशकों को लाने के मकसद से ममता विदेश दौरे पर जा रही हैं। उनके साथ राज्य के उद्योगपतियों का एक प्रतिनिधिमंडल भी जाएगा। मुख्यमंत्री इससे पहले सिंगापुर और लंदन की ऐसी यात्रा कर चुकी हैं। हालांकि उनकी चीन और शिकागो यात्रा को विदेश मंत्रालय की मंजूरी नहीं मिली थी।

उल्लेखनीय है कि जब कोई मुख्यमंत्री अपने आधिकारिक दौरे पर विदेश जाता है तो संबंधित राज्य को विदेश मंत्रालय से इजाजत लेनी पड़ती है। यदि कोई मुख्यमंत्री व्यक्तिगत रूप से विदेश जाना चाहता है तो उसे विदेश मंत्रालय से अनुमति की आवश्यकता नहीं होती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *