मिस इंडिया बनने के बाद पहली बार उज्जैन पहुंचीं निकिता पोरवाल, परिवार ने आतिशबाजी कर किया स्वागत

उज्जैन : फेमिना मिस इंडिया-2024 का खिताब जीतकर मध्यप्रदेश का मान बढ़ाने वाली निकिता पोरवाल रविवार दोपहर को अपने गृह नगर उज्जैन पहुंचीं। उज्जैन में अरविंद नगर स्थित अपने निवास पहुंचने पर मां और दादी ने उनकी आरती उतारी और फूलों की वर्षा तथा आतिशबाजी कर निकिता का स्वागत किया गया। इस दौरान छोटी बच्चियों ने स्वागत डांस भी किया। निकिता की एक झलक पाने के लिए घर के बाहर सुबह से ही उनके चाहने वालों की भारी भीड़ एकत्रित हो गई थी। मिस इंडिया ने सभी का अभिनन्दन करते हुए हाथ हिलाकर जय श्री महाकाल का जयकारा लगाया।

इससे पहले निकिता पोरवाल रविवार सुबह को इंदौर पहुंचीं। यहां एयरपोर्ट पर जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने उनका स्वागत किया। इस अवसर पर मंत्री सिलावट ने कहा कि हम सब के लिए गर्व का विषय है कि मप्र की बिटिया निकिता ने अपने परिश्रम और लगन से इस प्रतिष्ठित पुरस्कार को जीतकर मध्य प्रदेश का नाम रोशन किया है। निकिता पोरवाल 2026 में मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।

इंदौर से निकिता दोपहर करीब 12 बजे उज्जैन अपने घर अरविंद नगर पहुंचीं। उनके स्वागत के लिए कॉलोनी के कोने से घर तक रेड कार्पेट बिछाया गया था। आतिशबाजी के साथ फूलों की वर्षा कर स्वागत किया गया। निकिता इंतजार में घर के बाहर कॉलोनी और आसपास के लोगों की सुबह से ही भीड़ जुटने लगी थी। निकिता के मिस इंडिया का ताज जीतने की खुशी में कॉलोनी के बच्चे और महिलाओं ने नृत्य भी किया।

घर में प्रवेश के पहले निकिता की मां राजकुमारी पोरवाल ने तिलक लगाकर आरती उतारी। दादी नर्मदा पोरवाल ने निकिता को दुलार किया। दादी इतना उत्साहित थीं कि घर में जाने से पहले उन्होंने नृत्य भी किया। निकिता ने सभी का अभिवादन स्वीकार हुए जय महाकाल कहकर उत्साह बढ़ाया। उज्जैन में निकिता शाम को रोड शो करेंगी और रात 8.30 बजे से रुद्राक्ष होटल में समारोह होगा।

गौरतलब है कि निकिता पोरवाल ने 16 अक्टूबर को मुंबई के वर्ली में आयोजित कार्यक्रम में मिस इंडिया 2024 का खिताब अपने नाम किया था। इस अवसर पर उन्होंने कहा था कि मैं जब 7 साल की थी, मां मुझे फैंसी ड्रेस में मिस इंडिया बनाकर भेजती थीं। उसी सपने को मैंने जिया। आज वही लड़की पूरे इंडिया के साथ मिस वर्ल्ड बनने का सपना देख रही हैं।

निकिता अब मिस वर्ल्ड पेजेंट में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। निकिता उज्जैन के नगर निगम के सामने अरविंद नगर में रहने वाले अशोक पोरवाल और राजकुमारी पोरवाल की बेटी हैं। उनके पिता ऑयल का कारोबार करते हैं। यह पहली बार है, जब मध्य प्रदेश से किसी ने मिस इंडिया का खिताब जीता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *