इतिहास के पन्नों में 16 नवंबरः परदे पर आया हैरी पॉटर

देश-दुनिया के इतिहास में 16 नवंबर की तारीख तमाम अहम वजह से दर्ज है। यह तारीख बच्चों के मनपसंद चरित्र हैरी पॉटर पर केंद्रित फिल्म ‘हैरी पॉटर एंड द फिलॉसफर्स स्टोन’ के लिए खास है। इस वाकये की शुरुआत 90 के दशक से होती है। दरअसल मां की मौत के बाद एक ब्रिटिश महिला अपना पहला उपन्यास लिखने की सोच रही थीं। एक दिन वह लंदन के किंग्स क्रॉस स्टेशन पर बैठी ट्रेन का इंतजार कर रही थी। तभी उनके दिमाग में अपनी पहली किताब के कैरेक्टर का आइडिया आया। फिर क्या था, उपन्यास की कहानी बुनी और उसे कागज पर उतारने का सिलसिला शुरू हुआ।

पहला उपन्यास 12 प्रकाशकों से बैरंग लौट आया। इसके बाद ब्लूम्सबेरी नाम के पब्लिशिंग हाउस ने किताब छापने का भरोसा दिया, लेकिन लेखिका का नाम बदलने की शर्त रख दी। खैर, 1997 में उपन्यास प्रकाशित हुआ। उपन्यास ने मार्केट में आते ही सबका ध्यान खींचा और देखते ही देखते बेस्टसेलर बन गया। उपन्यास का नाम था ‘हैरी पॉटर एंड द फिलॉसफर्स स्टोन’ और लेखिका थीं जेके रोलिंग। 1998 में इस किताब का दूसरा पार्ट आया और उसके बाद तो जैसे अगले हिस्से का इंतजार बेसब्री का इम्तिहान लेता नजर आता था।

Advertisement
Advertisement

हैरी पॉटर सीरीज के अब तक सात उपन्यास आ चुके हैं। सभी पर आठ फिल्में बन चुकी हैं। हैरी पॉटर को दुनिया के कोने-कोने पहुंचाने में उसके ऊपर बनी फिल्मों की भी अहम भूमिका रही है। 16 नवंबर 2001 को हैरी पॉटर पर बनी पहली फिल्म ‘हैरी पॉटर एंड द फिलॉसफर्स स्टोन’ रिलीज हुई। इसके बाद जेके रोलिंग ने 1 मिलियन डॉलर में अपनी चार किताबों के सभी राइट्स वॉर्नर ब्रदर्स को बेच दिए।

उपन्यास पर बनी सभी फिल्मों में डेनियल रेडक्लिफ ने हैरी पॉटर का रोल निभाया है। पहली फिल्म जब आई थी, तब डेनियल महज 11 साल के थे। हैरी और उसके दोस्त रोन वीसली, हरमाइनी (यह सभी मुख्य किरदार थे) के होगवार्ट स्कूल के एडवेंचर बच्चों को खूब पसंद आए। सभी सात किताबों की 400 मिलियन कॉपी दुनियाभर की 60 भाषाओं में बिक चुकी हैं। पहली फिल्म क्रिस कोलंबस ने बनाई थी।

2002 में कोलंबस ने हैरीपॉटर की दूसरी फिल्म ‘हैरी एंड द चेंबर ऑफ सीक्रेट्स’ भी बनाई थी। 2004 मैक्सिको के डायरेक्टर अलफांसो क्यूरोन ने तीसरी फिल्म ‘हैरी पॉटर और द प्रिजनर ऑफ अज्काबान’ बनाई। 2005 में ‘हैरी पॉटर एंड गोल्बेट ऑफ फायर’ आई। इसे माइक न्यूवेल ने बनाया था। 2007 में पांचवीं फिल्म ‘हैरी पॉटर एंड द ऑर्डर ऑफ फीनिक्स’ और 2009 में छठी फिल्म ‘हैरी पॉटर एंड द हाफ ब्लड ऑफ प्रिंस’ आई। दोनों को डेविड येट्स ने डायरेक्ट किया।

इसके बाद दो पार्ट में हैरी पॉटर एंड द डेथली हैलोज आई। इस फिल्म का पहला पार्ट 2010 में आया और दूसरा पार्ट 2011 में आया। इसे भी डेविड येट्स ने डायरेक्ट किया था। सभी आठ फिल्मों का 1.2 बिलियन डॉलर का बजट था। दुनिया भर में इन सभी फिल्म ने 7.7 बिलियन डॉलर से ज्यादा की कमाई की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *