नूंह : दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे की सफाई करते समय भीषण सड़क हादसा, छह महिलाओं सहित 7 की मौत

नूंह : दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर थाना फिरोजपुर झिरका सीमा के अंतर्गत गांव इब्राहीम बास गांव के पास

शनिवार की सुबह एक बेकाबू पिकअप वाहन ने सफाई कर्मचारियों को कुचल दिया। इस दुर्घटना में सात लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में छह महिलाएं और एक पुरूष है। इनमें चार महिलाएं एक ही परिवार की हैं।

बताया जा रहा है कि इब्राहिम बास गांव के पास दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर सफाई का काम चल रहा है। गांव खेड़ली कलां के लोगों को सफाई के लिए ठेकेदार ने लगाया है। शनिवार को सुबह करीब 10 बजे पिकअप से 11 लोग सफाई करने के लिए आए थे। जब ये लोग अभी पिकअप वाहन से उतरे ही थे, तभी गुरुग्राम की ओर से तेजी से आई पिकअप वाहन ने इन लोगों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सफाई करने आए लाेगाें के शव इधर-उधर बिखर गए। कई शव दो टुकड़ाें में बंट गए। इस दुर्घटना में छह महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई और एक व्यक्ति और चार महिलाएं गंभीर रूप से घायल हाे गई। घायल

एक व्यक्ति ने इलाज के दौरान अस्पताल में दम तोड़ दिया। अभी भी दो महिलाओं की हालात गंभीर बनी हुई है। मरने वाली महिलाओं में चार महिलाएं एक ही परिवार की है। हादसा होने के बाद पिकअप गाड़ी का चालक फरार हो गया।

पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान खेड़ली कलां गांव की रहने वाली 30 वर्षीय रचना, 30 वर्षीय पिस्ता, 60 वर्षीय रेशम, 30 वर्षीय सतवंती, 50 वर्षीय जयदेई, 65 वर्षीय प्रेम और झिमरावट निवासी 50 वर्षीय आशु के रूप में हुई है। इसके अलावा गांव रिंगड़ निवासी अनिता, लच्छन और हेमलता गंभीर रूप से घायल हुई हैं। चौथी घायल महिला की अभी पहचान नहीं हो पाई है।

घटना के संबंध में नूंह के उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने बताया कि पीड़ित परिवारों की आर्थिक मदद की जाएगी और घायलों का उचित इलाज कराया जाएगा। एसपी राजेश कुमार ने कहा कि आरोपित ड्राइवर की जल्द ही पहचान कर उसे गिरफ्तार किया जाएगा और सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पिकअप गाड़ी को अपने कब्जे में ले लिया और शवों को अल आफिया अस्पताल मांडीखेड़ा में रखवा दिया है।

प्रधानमंत्री ने नूंह हादसे पर दुख जाताया

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नूंह में हुए हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने कहा है कि राज्य सरकार राहत और बचाव कार्यों में जुटी है।

प्रधानमंत्री ने एक एक्स पोस्ट नें कहा कि हरियाणा के नूंह में हुआ हादसा अत्यंत हृदयविदारक है। उनकी संवेदनाएं शोक-संतप्त परिजनों के साथ हैं। ईश्वर उन्हें इस कठिन समय में संबल प्रदान करे। इसके साथ ही वे हादसे में घायल लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं। राज्य सरकार राहत और बचाव के हरसंभव प्रयास में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *