इतिहास के पन्नों में 14 अक्टूबरः धर्म परिवर्तन की सबसे बड़ी घटना

देश-दुनिया के इतिहास में 14 अक्टूबर की तारीख तमाम अहम वजह से दर्ज है। इस तारीख को इतिहास में धर्म परिवर्तन की सबसे बड़ी घटना के तौर पर याद किया जाता है। 14 अक्टूबर, 1956 को डॉक्टर भीमराव आंबेडकर ने अपने 3.65 लाख समर्थकों के साथ हिंदू धर्म को छोड़कर बौद्ध धर्म अपना लिया था।

चौदह भाइयों में सबसे छोटे आंबेडकर का जन्म मध्य प्रदेश के इंदौर के पास छोटे से कस्बे महू में हुआ था। दलित परिवार में जन्म होने की वजह से उन्हें बचपन से ही भेदभाव का सामना करना पड़ा। उन्हें स्कूल में सबसे आखिरी पंक्ति में बैठाया जाता था। यहीं से वह भेदभाव की इस व्यवस्था के खिलाफ हो गए थे। उनका का कहना था- “मुझे वह धर्म पसंद है जो स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व सिखाता है। मैं एक समुदाय की प्रगति को उस डिग्री से मापता हूं जो महिलाओं ने हासिल की है; धर्म मनुष्य के लिए है न कि मनुष्य धर्म के लिए।”

Advertisement
Advertisement

वह जाति व्यवस्था के इस कदर खिलाफ थे कि 13 अक्तूबर, 1935 को उन्होंने महाराष्ट्र के येवला में कहा -“मैं हिंदू के रूप में पैदा हुआ हूं, लेकिन हिंदू के रूप में मरूंगा नहीं, कम से कम यह तो मेरे वश में है।” आंबेडकर ने हिंदू धर्म में व्याप्त वर्ण व्यवस्था को खत्म करने के लिए कानून का भी सहारा लिया, लेकिन अंत में उन्हें लगने लगा था कि जो बदलाव वो चाहते हैं, वे शायद कभी नहीं हो सकेंगे। आखिर में उन्होंने बौद्ध धर्म को अपनाने का फैसला लिया।

इस्लाम, सिख या किसी और धर्म के बजाय बौद्ध धर्म अपनाने के पीछे भी आंबेडकर ने वजह बताई थी। मई 1950 में कलकत्ता की महाबोधि सोसाइटी की मासिक पत्रिका में उन्होंने ‘बुद्ध और उनके धर्म का भविष्य’ शीर्षक से एक लेख लिखा था। इस लेख में उन्होंने बौद्ध, हिंदू, ईसाई और इस्लाम धर्म की अलग-अलग पैमानों पर तुलना की थी। शोषितों और वंचितों की आवाज रहे आंबेडकर का छह दिसंबर 1956 को निधन हो गया था। 1990 में उन्हें मरणोपरांत भारत के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से सम्मानित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *