इतिहास के पन्नों में 25 अक्टूबरः 4 महीने, 68 चरण – आज ही शुरू हुआ था स्वतंत्र भारत का पहला चुनाव

25 अक्टूबर 1951, भारतीय लोकतंत्र की एक सुनहरी तारीख। साल 1951 में इसी दिन स्वतंत्र भारत में चुनाव की प्रक्रिया शुरू हुई और हिमाचल प्रदेश के चिनी में पहला वोट डाला गया। 25 अक्टूबर 1951 से 21 फरवरी 1952 तक यानी करीब चार महीने चली इस चुनावी प्रक्रिया के बाद भारत, दुनिया के लोकतांत्रिक देशों की कतार में शुमार हो गया।

स्वतंत्रता प्राप्ति के दो वर्षों के भीतर भारत में चुनाव आयोग की स्थापना हो गई और मार्च, 1950 में सुकुमार सेन को पहला मुख्य चुनाव आयुक्त नियुक्त किया गया। सुकुमार सेन ने वोटर रजिस्ट्रेशन से लेकर, पार्टियों के चुनाव चिह्न निर्धारण और साफ-सुथरा चुनाव कराने के लिए योग्य अधिकारियों के चयन का काम किया। पहले चुनाव में लोकसभा की 497 तथा राज्य विधानसभाओं की 3,283 सीटों के लिए भारत के 17 करोड़ 32 लाख 12 हजार 343 रजिस्टर्ड मतदाता थे। पूरे भारत में कुल 2 लाख 24 हजार मतदान केंद्र बनाए गए और 62 करोड़ मतपत्र छापे गए थे। इसके अलावा लोहे की 20 लाख मत मतपेटियाँ बनाई गई थीं, जिसके लिए 8200 टन इस्पात का इस्तेमाल किया गया। कुल 16500 लोगों को मतदाता सूची बनाने के लिए छह महीने के अनुबंध पर रखा गया था।

चुनाव में करीब 1,874 उम्मीदवार और 53 राजनैतिक पार्टियां उतरी थीं, जिनमें 14 राष्ट्रीय पार्टियां थीं। इनमें भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी, सोशलिस्ट पार्टी, किसान मजदूर प्रजा पार्टी और अखिल भारतीय हिन्दू महासभा सहित कई पार्टियां शामिल थीं।

भारत का पहला चुनाव कुल 68 चरणों में संपन्न हुआ। इस चुनाव में मतदान करने वाले 10.59 करोड़ लोगों ने अपना नेता चुन कर इतिहास रचा। खास बात यह है कि इनमें करीब 85% अशिक्षित थे। इस चुनाव में कांग्रेस ने 364 सीटें जीत कर बहुमत हासिल किया। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी 16 सीटें जीत कर दूसरी सबसे बड़ी पार्टी बनी। पहले लोकसभा चुनाव में प्रति वोटर खर्च आया था 60 पैसे, जो 2019 के चुनाव में बढ़कर करीब 72 रुपए हो गया। पहले आम चुनाव पर करीब 10.5 करोड़ रुपये खर्च हुए थे।

अन्य अहम घटनाएंः

1415- इंग्लैंड ने उत्तरी फ्रांस में एजिनकोर्ट की लड़ाई जीती।

1812- युद्ध के दौरान अमेरिका फ्रिगेट यूनाइटेड स्टेट्स ने ब्रिटिश पोत मैसिडोनिया पर क़ब्ज़ा कर लिया।

1917- बोल्शेविक (कम्युनिस्टों) व्लादिमीर इलिच लेनिन रूस की सत्ता पर काबिज।

1924- भारत में ब्रिटिश अधिकारियों ने सुभाषचंद्र बोस को गिरफ्तार कर 2 साल के लिए जेल भेज दिया।

1951- भारत में पहले आम चुनाव की शुरुआत हुई।

1962- अमेरिकी लेखक जॉन स्टीनबेक को साहित्य का नोबेल पुरस्कार दिया गया।

1964- अवादी कारखाने में पहले स्वदेशी टैंक ‘विजयंत’का निर्माण किया गया।

1971- संयुक्त राष्ट्र महासभा में ताइवान को चीन में शामिल करने के लिए मतदान हुआ।

1995- तत्कालीन प्रधानमंत्री नरसिम्हा राव ने संयुक्त राष्ट्र के 50वें वर्षगांठ सत्र को संबोधित किया।

2000- अंतरिक्ष यान डिस्कवरी (यूएसए) 13 दिन के अभियान के बाद सकुशल वापस।

2005- ईराक में नये संविधान को जनमत संग्रह में बहुमत के साथ मंजूरी मिली।

2007- तुर्की के युद्ध विमानों ने उत्तरी इराक के पहाड़ी कुर्दिस्तान क्षेत्र में भारी बमबारी की।

2008- सिक्किम के पूर्व मुख्यमंत्री नर बहादुर भंडारी को छह माह की सजा सुनाई गई।

2009- बगदाद में बम धमाकों से 155 लोगों की मौत तथा 721 घायल।

2012- क्यूबा और हैती में ‘सैंडी’ तूफान से 65 लोगों की मौत तथा आठ करोड़ डॉलर का नुकसान।

2013- नाइजीरिया में सेना ने आतंकवादी संगठन बोको हराम के 74 आतंकवादियों को मार गिराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *