कोलकाता के अस्पताल में महिला डॉक्टर की हत्या के मामले में एक गिरफ्तार

कोलकाता : कोलकाता के सरकारी आर.जी. कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में एक महिला स्नातकोत्तर प्रशिक्षु (पीजीटी) डॉक्टर की हत्या के मामले में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। संयुक्त पुलिस आयुक्त (अपराध) मुरलीधर शर्मा ने शनिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किए गए शख्स का नाम संजय राय है।

एक अन्य वरिष्ठ अधिकारी ने यह भी बताया कि गिरफ्तार किया गया व्यक्ति अस्पताल के विभिन्न विभागों में बेरोक-टोक घूमने वाला बाहरी व्यक्ति बताया जा रहा है। पुलिस अधिकारी ने कहा, “हमने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है, जो अस्पताल के बाहर का है। उसकी गतिविधियां बेहद संदिग्ध हैं और वह अपराध में सीधे तौर पर शामिल लगता है।”

इस मामले की जांच के सिलसिले में पुलिस ने शुक्रवार रात दो इंटर्न डॉक्टरों से भी पूछताछ की।

शुक्रवार को सरकारी अस्पताल के सेमिनार हॉल में महिला स्नातकोत्तर प्रशिक्षु डॉक्टर का अर्धनग्न शव मिला था। मृतका छाती रोग विभाग की दूसरे वर्ष की छात्रा थी और गुरुवार रात को ड्यूटी पर थी। शव पर चोट के निशान भी पाए गए थे।

मृतका के पिता ने आरोप लगाया है कि उनकी बेटी के साथ बलात्कार कर उसकी हत्या की गई है और इस सच्चाई को छिपाने की कोशिश की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में महिला डॉक्टर के साथ यौन शोषण की पुष्टि हुई है। इसके बाद उनकी हत्या की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *